फिरोजाबाद। जिन स्कूलों में छात्र संख्या अधिक है, उन विद्यालयों में छात्र बरामदे में बैठकर पढ़ाई करते हैं। अब शासन ने सात परिषदीय विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष का निर्माण कराने के आदेश दिए हैं। प्रति कक्ष के हिसाब से तीन लाख 72 हजार रुपये की धनराशि भेजी गई है।
कई स्कूलों में छात्र संख्या अधिक हो गई है। शिक्षक भी पर्याप्त हैं। किंतु कक्षाओं की संख्या छात्र संख्या के हिसाब से पर्याप्त नहीं हैं। ऐसे 20 विद्यालयों का बेसिक शिक्षा विभाग ने प्रस्ताव भेजा था।
अतिरिक्त कक्ष निर्माण की मांग की गई। इसके एवज में सात विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षों का निर्माण कराने की शासन ने मंजूरी दे दी है। कई विद्यालयों में अतिरिक्त बालिका शौचालय ओवरहेड टैंक, हैंडवॉश सिस्टम लगाने के लिए भी बजट स्वीकृत कर दिया है। प्रति बालिका शौचालय के लिए 61 हजार रुपये एवं ओवरहेड टैंक के लिए 13 हजार रुपये बजट भेजा है।