फर्रुखाबाद पैसेंजर का इंजन शटिंग के दौरान पटरी से उतर गया। इससे स्टेशन पर मौजूद अधिकारियों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि इंजन दूसरे ट्रैक पर जाकर नहीं गिरा।
शनिवार दोपहर करीब12 बजे फर्रुखाबाद-शिकोहाबाद पैसेंजर रेलवे स्टेशन पर आकर खड़ी हुई।
इसे शाम 4 बजे फर्रुखाबाद जाना था। इसके लिए इंजन को ट्रेन से अलग कर लूप लाइन पर ले जाया गया। जब इंजन पश्चिम केबिन के पास पहुंचा वैसे ही इंजन पटरी से उतर गया। गनीमत ये रही कि इंजन ने पास से गुजरने वाली डाउन लाइन टूडंला-कानपुर मार्ग को बाधित नहीं किया। अन्यथा मार्ग के बाधित होने से कई ट्रेन प्रभावित हो जाती। इंजन के पटरी से उतरने पर टूंडला से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (एआरटी) को बुलाया गया। तीन घंटे की काफी मशक्कत के बाद इंजन को पटरी पर चढ़ाया गया। इस संबंध में एसएस रमेश लाल मीणा ने बताया कि रेलवे ट्रैक का प्वाइंट खुला रहने के कारण इंजन पटरी से उतर गया था।