दो दिन बूंदाबांदी ने बढ़ाई सर्दी, किसान चिंतित
फिरोजाबाद। दो दिन हुई बूंदाबांदी ने सर्दी बढ़ा दी। बृहस्पतिवार को बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। लोग जगह-जगह अलाव पर तापते नजर आए। सरकारी विभागों में भी कम ही फरियादी पहुंचे। वहीं बदलते मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। किसानों का कहना है कि यदि तेज बारिश हुई तो आलू के साथ ही सरसों की फसल प्रभावित होगी।
बुधवार से बूंदाबांदी शुरू हुई जो रातभर रुक रुककर होती रही। बृहस्पतिवार सुबह से ही बादल छाए रहे। शाम तक कई बार बूंदाबांदी हुई। सूरज न निकलने के कारण ठंड से कांपते नजर आए। वहीं बारिश के कारण शहर की नई आबादी वाले इलाके दुर्गेश नगर, श्रीपाल कॉलोनी, महादेव नगर, किशन नगर आदि क्षेत्रों में बदहाल सड़कों पर फिसलन हो गई। इससे कई लोग गिरने से बाल-बाल बचे।
किसान दिखाई दिए चिंतित
इस समय सरसों के साथ आलू की फसल तैयार खड़ी है। किसानों का कहना है कि बूंदाबांदी से तो कई नुकसान नहीं होगा, लेकिन यदि क्रम लगातार चला तो फसल खराब हो जाएगी। वहीं तेज हवा चलने फसल गिर जाएगी। कृषि प्रसार के उप निदेशक एचएन सिंह ने कहा कि जिले में अभी ज्यादा बारिश नहीं हुई है। यह बारिश गेहूं, आलू की फसल के लिए लाभदायक है। यदि अधिक बारिश हुई तो फिर आलू में पिछैती झुलसा रोग लगने की संभावना है।