डीएम नेहा शर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को सदर तहसील में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इसमें कुल 200 शिकायतें आईं जिनमें से 12 का मौके पर निस्तारण कर दिया।
सदर तहसील में आयोजित तहसील दिवस में अवैध कब्जों की सर्वाधिक 40 शिकायतों प्राप्त हुईं। एसएसपी अशोक कुमार ने संबंधित थानेदारों को जल्द जमीनों को कब्जा मुक्त कराने के निर्देश दिए। पेयजल समस्या से निपटने के लिए डीएम ने जलनिगम व नगर निगम अधिकारियों से बंद टंकियों, नलकूप व हैंडपंप सही कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा विधवा पेंशन, बिजली आपूर्ति, राशन की समस्या, पीडब्लूडी, नलकूप विभाग, शिक्षा विभाग से संबंधित शिकायतें आईं। डीएम ने संबंधित अफसरों को एक सप्ताह के अंदर गुणवत्तापूर्ण शिकायतों का निस्तारण के निर्देश दिए है। तहसील दिवस में सीडीओ प्रभांशु श्रीवास्तव, एसडीएम सदर रविंद्र कुमार मांदड़, तहसीलदार नरेंद्र कुमार, प्रभारी नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, एक्सईएन शहर आरपी वर्मा, एक्सईएन देहात आरबी रॉय, एक्सईएन जलनिगम आरसी सैनी, बीएसए, डीआईओएस सहित जिलास्तरीय अफसर मौजूद रहे।
कुरैशी समाज ने की एनओसी दिलाने की मांग
अवैध कट्टीघर बंद होने से मीट दुकानदार दर-दर भटक रहे हैं, परंतु अभी तक कहीं से एनओसी मिलने की उम्मीद नजर नहीं आई। मंगलवार को दो दर्जन से अधिक मीट दुकानदार एकत्रित होकर तहसील दिवस में पहुंचे। डीएम को ज्ञापन सौंपकर समस्या का निदान कराते हुए सुझाव दिया कि एनओसी दिलाने को सभी विभागाें का एक कैंप 20 अप्रैल को नगर निगम में लगवा दिया जाए, जिससे हमें भटकना नहीं पड़े। डीएम ने सुझाव को मानते हुए तत्काल नगर आयुक्त प्रमोद कुमार 20 अप्रैल को सुबह 10:30 बजे नगर निगम में कैंप लगवाने के निर्देश दिए। कैंप में खाद्य विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड व नगर निगम के अफसर मौजूद रहेंगे।