जसराना में सजा हुआ मां का विग्रह और मौजूद पीठाधीश महेश स्वरूप ब्रह्मचारी
- फोटो : जसराना में सजा हुआ मां का विग्रह और मौजूद पीठाधीश महेश स्वरूप ब्रह्मचारी
जसराना। मां कामाख्या धाम में पांच दिवसीय अंबुबाची महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। भीषण गर्मी में भी भक्तगण लाइन में लगकर दर्शन करने को उत्सुक दिखाई दे रहे हैं। मां की नयनाभिराम छवि के दर्शन कर भक्त भाव विभोर हो उठे।
जसराना के मां कामाख्या धाम में चल रहे अंबुबाची महोत्सव के अन्तर्गत बुधवार को पट खोले गए। पट खुलते ही धाम में आस्था और श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। ब्लाॅक प्रमुख संध्या लोधी, अंबाला निवासी पूनम चौहान, अलीगढ़ निवासी सरिता गुप्ता, फर्रुखाबाद निवासी विमला परिहार, छर्रा निवासी दिव्या गुप्ता, जसराना निवासी कुसुम यादव, हरदोई निवासी विट्टो देवी, फिरोजाबाद निवासी शिवकुमारी, शिकोहाबाद निवासी साधना यादव ने मां की मंगला आरती कर पट खोले।
धाम के पीठाधीश महेश स्वरूप ब्रह्मचारी ने वेदमंत्रों के साथ मां का सफेद शृंगार उतारकर आकर्षक और नयनाभिराम शृंगार किया गया। सुबह छह बजे से लेकर शाम तक दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ लगी रही। देश के कोने-कोने से श्रद्धालु मां के दर्शनों के लिए पहुंचे।
चाक चौबंद रहीं व्यवस्थाएं
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। भीड़ नियंत्रण व यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात किया गया। साथ ही स्थानीय लोगों ने भी व्यवस्थाएं संभाली।
आज भी होंगे मां कामाख्या के दर्शन
पांच दिवसीय अंबुबाची महोत्सव का समापन आज होगा। सुबह से लेकर शाम तक भक्तों को दर्शन कराए जाएंगे।