डॉक्टर्स डे पर मेडिकल कॉलेज में सम्मानित किए चिकित्सक एवं मेडिकल छात्र-छात्राएं। सोर्स: मेडिकल
फिरोजाबाद। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में राष्ट्रीय डॉक्टर्स दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस वर्ष डॉक्टर्स दिवस की थीम - मुखौटे के पीछे, कौन करता है चिकित्सकों का उपचार थी। इस अवसर पर चिकित्सकों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाचार्य योगेश गोयल ने दिवस के इतिहास पर प्रकाश डालकर की। उन्होंने बताया कि यह दिवस देशभर में चिकित्सकों के योगदान के सम्मान में प्रत्येक वर्ष मनाया जाता है। भारतीय स्टेट बैंक द्वारा महाविद्यालय के सभी विभागाध्यक्षों को उनके गत छह वर्षों के सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। अस्थि रोग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ विपुल अग्रवाल ने समाज में चिकित्सकों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान एमबीबीएस के छात्र-छात्राओं व डीपीएस से आए विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कम्यूनिटी मेडिसिन विभाग के वरिष्ठ तथा कनिष्ठ रेजीडेंट द्वारा वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें एमबीबीएस के छात्र-छात्राओं और इंटर्न चिकित्सकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ नितिन तिवारी, डॉ. सोनाली बांदिल, डॉ. गरिमा सिंह ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य, वरिष्ठ व कनिष्ठ रेजीडेंट तथा चिकित्सकगण उपस्थित रहे।