संचारी रोग कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए डीएम। स्रोत: डीआईओ
- फोटो : संचारी रोग कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए डीएम। स्रोत: डीआईओ
फिरोजाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को डीएम संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने संचारी रोगों की रोकथाम में लापरवाही न बरतने की सख्त चेतावनी देते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्राम पंचायतों को अपने क्षेत्रों में साफ-सफाई, जल निकासी और नियमित फॉगिंग सुनिश्चित करने के लिए कहा। साथ ही, रोस्टर बनाकर सभी फॉगिंग मशीनों को दुरुस्त रखने और दैनिक रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए ताकि कोई भी संवेदनशील क्षेत्र फॉगिंग से वंचित न रहे। जलभराव की स्थिति पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने की बात भी कही गई। डीएम ने सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों की शत-प्रतिशत आभा आईडी बनाने के साथ-साथ विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और फैक्ट्रियों में कार्यरत मजदूरों के लिए विशेष अभियान चलाकर उनकी आभा आईडी बनवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने बरसात के मौसम में डेंगू और मलेरिया जैसे संचारी रोगों की रोकथाम के लिए पूरी सतर्कता बरतने और अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने पर जोर दिया। इस महत्वपूर्ण बैठक में सीएमओ डा. रामबदन राम, प्राचार्य डा. योगेश गोयल और डा. नवीन जैन सहित कई अन्य अधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। संवाद