डीएम विजय किरन आनंद ने सदर तहसील में जनता दरबार लगाकर शिकायतें सुनीं। कुल 241 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 17 शिकायतों का निस्तारण हो सका।
तहसील दिवस में राजस्व, पुलिस विभाग, बिजली विभाग, नगर निगम की अधिकांश शिकायतें प्राप्त हुईं। वहीं काफी संख्या में लोगों जमीनों, चकरोडों पर अवैध कब्जे व सड़कों पर अतिक्रमण की शिकायतें आईं। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए डीएम ने सभी लेखपालों को निर्देश दिए हैं कि वह अपने-अपने क्षेत्र में कब्जा अथवा अतिक्रमण करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई करें। हिमायूंपुर में सड़क पर कब्जे की शिकायत की गई थी। डूडा द्वारा कार्रवाई न करने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए स्पष्टीकरण मांगा तो उन्होंने मामला नगर निगम के पाले में डाल दिया। डीएम के निर्देश पर डूडा एवं नगर निगम की टीम मौके पर जांच करने पहुंची। तहसील दिवस में मौजूद न रहने पर डीएम ने डूडा विभाग के जेई को कड़ी फटकार लगाई। तहसील दिवस के बाद डीएम ने गांव सलेमपुर नगला खार में निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति देखी। एसपी पीयूष श्रीवास्तव, सीडीओ सुजीत कुमार, एसडीएम रविंद्र कुमार मांदड, सीओ सिटी राजेश चौधरी सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
तहसील दिवस में लेखपालों की गड़बड़ी की शिकायतें
16 शिकायतों में से एक का हो सका निस्तारण
टूंडला। तहसील के सभागार में आयोजित तहसील दिवस में 16 फरियादियों ने उपजिलाधिकारी आशाराम यादव को अपनी शिकायतें सुनाईं। सबसे अधिक शिकायतें बरसात में बर्बाद फसलों के मुआवजा वितरण में लेखपालों द्वारा की गई गड़बड़ी की रहीं। तहसील दिवस में मात्र एक शिकायत का ही मौके पर निस्तारण हो सका। सीओ प्रशांत कुमार, अधिशासी अधिकारी एके सिंह चौहान, चिकित्साधीक्षक डा.संजीव वर्मा, खंड शिक्षाधिकारी रिजवान अहमद व अन्य तहसील स्तरीय कर्मचारी मौजूद रहे।
तहसील दिवस में 57 शिकायतें आईं, सात का निस्तारण
शिकोहाबाद (ब्यूरो)। तहसील सभागार में एडीएम कर्मेंद्र सिंह और एएसपी संजय यादव की संयुक्त अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। तहसील दिवस में 57 शिकायतें आईं। इस दौरान सात शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शिकायतों में अधिकांश चकबंदी, बिजली, नालों की सफाई और राशन से संबंधित थीं। नगला गुलाल निवासी नेत्रपाल सिंह ने शिकायत की कि उन्हें बीपीएल का राशन मिलता था। लेकिन डीलर ने उसका राशन कार्ड काटकर प्रदीप पुत्र बदन सिंह को दे दिया है। इस मौके पर एसडीएम चंद्रभानु सिंह, तहसील और पुलिस स्टाफ मौजूद था।