गुरुवार को शहर के मेडिकल स्टोर और दवा गोदामों में मंडलीय टीम ने छापेमारी की। एक अवैध गोदाम से दवाएं जब्त की हैं। एक्सपायरी डेट की दवाएं भी मिलीं। अन्य मेडिकल स्टोर से 12 दवाओं एवं एक कास्मेटिक नमूने जब्त करके जांच के लिए लैब भेजे हैं। मंडल स्तरीय टीम की छापेमारी से दवा विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। कई दवा विक्रेता दुकान का शटर गिराकर भाग खड़े हुए।
मेडिकल स्टोर की जांच करने के लिए औषधी विभाग के सहायक आयुक्त पीके मोदी के निर्देश में छापेमार कार्रवाई की गई। मुकेश पालीवाल ड्रग इंस्पेक्टर मैनपुरी, रमेश यादव आगरा, दीपक कुमार मथुरा, फीरोजाबाद ड्रग इंस्पेक्टर अमित बंसल और सिटी मजिस्ट्रेट रवींद्र सिंह को पालिका मार्केट की दुकान नंबर 41 में उपासना मेडिकल एजेंसी के नाम से अवैध रूप से गोदाम संचालित होता मिला। छह दवाओं के सैंपल सीज किए। साथ ही यहां से करीब तीन लाख, 25 हजार 503 धनराशि की दवाएं जब्त की गईं। 200 यूनिट आई ड्राप एक्सपायरी डेट के मिले। गोदाम संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए विभाग ने लिखा है। वहीं, उपासना मेडिकल एजेंसी से दो सैंपल लिए। साथ ही वर्धमान मेडिकल एजेंसी आगरा गेट से एक सैंपल लिया। विवेक ड्रग हाउस, शीतल फार्मा से भी ड्रग के नमूने लिए। मंडल स्तरीय टीम की खबर मेडिकल स्वामियों को मिलते ही वह दुकान बंद कर भाग खड़े हुए। वहीं अवैध रूप से मेडिकल दुकान का संचालन कर रहे लोग भी खिसक लिए।