जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सपा ने फिर युवा पर दांव लगाया। जिला पंचायत सदस्य बनकर सक्रिय राजनीति का आगाज करने वाले विजय प्रताप सिंह उर्फ छोटू को पार्टी ने प्रत्याशी घोषित कर दिया। प्रत्याशी की घोषणा के साथ लालबत्ती की दावेदारी और भ्रामक प्रचार की सभी अटकलों पर विराम लग गया है। सिरसागंज विधायक हरिओम यादव की ओर से पहले से ही तैयारी शुरू कर दी गई थी।
जिले में लाल बत्ती की जंग में सपा सबसे आगे थी। लेकिन जिला पंचायत सदस्य का परिणाम आने के साथ ही विजय प्रताप उर्फ छोटू ने संपर्क बढ़ाना शुरू कर दिया था। जिला मुख्यालय पर प्रमाणपत्र लेने के दौरान गोलबंदी दिखाई दी थी लेकिन पार्टी हाईकमान की ओर से प्रत्याशी घोषित किए जाने का बयान आने के बाद अटकलों का दौर शुरू हो गया। हाईकमान ने विजय प्रताप की सक्रियता को ध्यान में रखते हुए उन पर दांव लगाना उचित समझा। सोमवार की शाम को लखनऊ से घोषणा होने के साथ शिकोहाबाद में स्थित उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। विजय प्रताप छोटू ने कहा कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, राष्ट्रीय महासचिव प्रो.रामगोपाल यादव, सांसद अक्षय यादव ने मुझ पर जो विश्वास जताया है उस पर वह खरे उतरेंगे। वहीं बसपा के जोन कोआर्डिनेटर हेमंत प्रताप सिंह ने कहा कि पार्टी हाईकमान से दिशा निर्देशानुसार पार्टी जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कदम उठाएगी। भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद पचौरी ने कहा कि अध्यक्ष पद के चुनाव में अभी वक्त है। हाईकमान के निर्देशानुसार पार्टी प्रत्याशी तय करेगी।
पार्टी हाईकमान ने विजय प्रताप उर्फ छोटू को प्रत्याशी घोषित किया है वह पूरी दमदारी से चुनाव लड़ाने का काम करेंगे। विजय युवा हैं और वह सबको साथ लेकर चलने वाले हैं।
सपा जिलाध्यक्ष डा. दिलीप यादव
पार्टी अध्यक्ष पद का चुनाव पूरी दमदारी से लड़ेगी। सभी लोग छोटू के साथ हैं। वह लोगों का दर्द समझते हैं। युवा होने के नाते उन्हें आगे बढ़ाने में मदद की जाएगी।
फीरोजाबाद सांसद, अक्षय यादव