प्रदेश सरकार के संरक्षण में पुलिस पूरी तरह से निरंकुश हो गई है। समय पर जनता इस बात का जवाब जरूर देगी। यह बातें भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. एसपी सिंह बघेल ने थाना नगला सिंघी में पुलिस हिरासत में मृत ठाकुर तेजवीर सिंह चौहान के परिवार को ढांढस बंधाने के दौरान कहीं।
उन्होंने कहा कि तेजवीर सिंह की मौत प्रभारी निरीक्षक और सिपाहियों की बेरहमी से की गई पिटाई के कारण हुई थी। प्रशासन ने आरोपियों के विरुद्घ हत्या का मुकदमा तो दर्ज कर लिया, लेकिन अभी तक गिरफ्तारी नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट की भी लीपापोती की गयी है। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार से मृतक की पत्नी को 10 लाख रुपये मुआवजा दिए जाने की मांग की। इस दौरान उनके साथ पूर्व ब्लाक प्रमुख हनुमंत सिंह बघेल, राजेंद्र बघेल, दयाल बाबू नायक, सुरेश झा, सुरेश बघेल, अरविंद सिंह धाकरे आदि मौजूद रहे।