उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय रविवार को भी खुला। ब्लॉक से लेकर बीएसए कार्यालय तक शिक्षकों की भीड़ रही। अंतरजनपदीय स्थानांतरण पाने वाले शिक्षक कार्यमुक्त होकर अपने जिले में जाने के लिए सुबह से ही ब्लॉक एवं बीएसए दफ्तर की तरफ दौड़ते नजर आए। निर्धारित समय में हर कोई शिक्षक अपने पसंदीदा जिले में पहुंचना चाह रहा था। वहीं, 69 हजार शिक्षक भर्ती वाले शिक्षकों के अरमानों पर अंतिम समय में पानी फिर गया। उनके ट्रांसफर पर रोक लगा दी गई।
बेसिक शिक्षा विभाग ने बीते दिनों अंर्तजनपदीय स्थानांतरण करते हुए सूची जारी की थी। शनिवार की शाम को विभाग को इन्हें कार्यमुक्त करने का आदेश मिला। सोमवार से स्कूल खुलने हैं लिहाजा इन्हें रविवार को ही कार्यमुक्त करना था। इसके लिए जहां बीएसए दफ्तर में शनिवार को देर रात तक काम चला तो रविवार को भी सुबह ही दफ्तर खुल गए।
यह भी पढ़ेंः- UP News: प्रेमिका की दूसरी जगह तय हो गई शादी तो शैतान बना प्रेमी, घर में घुसकर की ऐसी हालत...देखकर कांप गई रूह
शिक्षाधिकारियों के साथ बाबू भी दफ्तर में पहुंच गए। इधर स्कूलों से कार्यमुक्त होने के बाद में ब्लॉक से कार्यमुक्त होकर बीएसए दफ्तर में कार्यमुक्त होने के लिए भी शिक्षक सुबह से ही पहुंचना शुरू हो गए। 22 शिक्षक दूसरे जिले से ज्वाइनिंग करने आए। वहीं, 18 शिक्षक जिले से कार्यमुक्त हो गए। देर शाम तक शिक्षकों को कार्यमुक्त करने की प्रक्रिया दफ्तर में चल रही थी।
यह भी पढ़ेंः- यूपी का एक थाना ऐसा भी: बदमाशों से नहीं, बिच्छुओं से खौफजदा हैं पुलिसकर्मी, वर्दी तो कभी जूते में घुसकर काटते
कमेटी ने किया सत्यापन
वहीं दफ्तर में सुबह अंर्तजनपदीय स्थानांतरण के आवेदनों की जांच के लिए गठित कमेटी ने भी सत्यापन का कार्य किया। बीएसए दफ्तर में डीडीओ महेंद्र सिंह के साथ जिला विद्यालय निरीक्षक निशा अस्थाना सहित अन्य अधिकारी भी रविवार को छुट्टी के दिन मौजूद रहे। बंद कमरे में एक-एक फॉर्म का सत्यापन किया गया।
यह भी पढ़ेंः- बाहर खाने से पहले सावधान: किशोर ने पिज्जा खाकर पी कोल्ड ड्रिंक, पेट में हुआ दर्द; देखते ही देखते तोड़ दिया दम
अंतिम समय में फिरता दिखा अरमान पर पानी
इधर 69 हजार शिक्षक भर्ती वाले शिक्षकों को रविवार को उस वक्त झटका लगा, जब कार्यमुक्त के संबंध में अधिकांश कार्य हो जाने के बाद में शासन से इन्हें कार्यमुक्त न होने का आदेश आया। कोर्ट के आदेश के परिप्रेक्ष्य में शासन ने फैसला लिया। जिले में 69 हजार शिक्षक भर्ती वाले 17 शिक्षक बताए जा रहे हैं, जिनका स्थानांतरण हो चुका था। लेकिन, इस आदेश के बाद में इनका स्थानांतरण भी फंस जाएगा।