फिरोजाबाद के अरांव क्षेत्र में पत्नी के मायके चले जाने के बाद मानसिक तनाव में आए 28 वर्षीय युवक ने आम के पेड़ पर फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिरोजाबाद के सिरसागंज थाना अरांव के ग्राम खेरिया मुसहायतपुर में बुधवार सुबह 28 वर्षीय युवक ने पारिवारिक कलह और पत्नी से हुए विवाद के बाद मानसिक तनाव में आकर आम के पेड़ पर फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंपा।
बुधवार की सुबह अरांव थाना पुलिस को ग्रामीणों के जरिए सूचना मिली कि ग्राम खेरिया मुसहायतपुर में एक खेत में खड़े आम के पेड़ पर एक युवक का शव फंदे से लटक रहा है। थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान सूरज शाक्य (28) निवासी खेरिया मुसहायतपुर, अरांव के रूप में हुई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सूरज पिछले कुछ दिनों से बेहद मानसिक तनाव में था। चार दिन पूर्व सूरज और उसकी पत्नी के बीच कहासुनी हो गई थी।
इस झगड़े के बाद नाराज होकर पत्नी अपनी बेटी को साथ लेकर मायके चली गई थी। पत्नी के जाने के बाद यह आत्मघाती कदम उठा लिया। सीओ सिरसांगज चंचल त्यागी ने बताया कि पारिवारिक कलह के कारण युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने का मामला सामने आया है। परिजन की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।