फिरोजाबाद। डिप्लोमा इंजीनियर संघ ने सोमवार को अपनी मांगों को लेकर पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड कार्यालय पर अध्यक्ष दिलीप लोहिया के नेतृत्व में धरना दिया। उन्होंने कहा कि मांगों को नहीं माना गया तो 17 जून को मंडल मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन करेंगे। 21 जून तक निस्तारण नहीं हुआ तो 22 जून से प्रांतीय स्तर पर धरना प्रदर्शन अनिश्चित काल तक चलेगा।
धरना स्थल पर दिलीप लोहिया ने कहा कि शताब्दी वर्ष मना रहे डिप्लोमा इंजीनियर संघ के संदर्भ में जारी किए गए पत्र को तत्काल निरस्त किया जाए। वरिष्ठ स्टाफ ऑफीसर द्वारा कार्यालय में अराजक तत्वों को बुलाकर भय का माहौल पैदा किया गया है ऐसे लोगों को दंडित होना चाहिए। ई-एस्टीमेट प्रणाली को तत्काल लागू किया जाए। सात मई 2022 को जारी पत्र को तत्काल निरस्त किए जाने की मांग की है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शासन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया तो 17 जून को मंडल कार्यालय पर प्रदर्शन एवं 22 जून से प्रांतीय कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना प्रारंभ होगा।
संचालन सचिव देवेंद्र सिंह ने किया। प्रदर्शन में सतीश कुमार, महेंद्र सिंह, अंशु लोकेश, सुखवीर सिंह, महीपाल सिंह, सिपाहीराम, रवींद्र सिंह, मानवेंद्र सिंह, रवि यादव, अशोक चौहान, अशोक कुमार, राजेश कुमार मौजूद रहे।