फिरोजाबाद। जिले में जनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को विकास भवन, टूंडला और जसराना तहसील सभागार में बैठकों का आयोजन कर डिजिटल जनगणना और स्व-गणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
जिला जनगणना प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि 7 मई से 21 मई तक नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण कर घर बैठे अपनी जानकारी भर सकेंगे। 33 प्रश्नों की प्रश्नावली पूरी करने पर 11 अंकों की ''SE आईडी'' प्राप्त होगी, जिसे 22 मई से घर-घर आने वाले गणनाकर्मियों को दिखाना होगा।
टूंडला में तहसीलदार सुशील कुमार और बीडीओ प्रभात रंजन ने बताया कि 22 मई से 20 जून तक मकान सूचीकरण का दूसरा चरण चलेगा। उन्होंने बताया कि जनगणना को आसान और तेज बनाने के लिए सरकार ने स्व गणना की सुविधा शुरू की है।
वहीं जसराना में एसडीएम राजेश शुक्ला की अध्यक्षता में हुई बैठक में ब्लॉक प्रमुख सुरेश यादव (हाथवंत), संध्या लोधी (जसराना), ज्योति किरण राजपूत (एका) व तहसीलदार रवीश कुमार मौजूद रहे। विकास भवन में हुई बैठक में सह प्रभारी सनी कुमार राय और मास्टर ट्रेनर योगेंद्र कुमार ने डिजिटल प्रक्रिया समझाई।
इस दौरान शिक्षक-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि प्रेमप्रकाश कुशवाहा, योगेश चंद्र यादव, जितेंद्र यादव, प्रमोद कुमार शर्मा, धर्मेंद्र कुमार कृष्णज, चंदन यादव, संतोष कुमार, जगवीर सिंह, प्रमोद कुमार, अनिल कुमार, संजय कुमार, रंजीत सिंह, सुमित कुमार, राहुल प्रताप सिंह, संजय सिंह, डॉ. वीएन सिंह, राजकुमार, जितेंद्र कुमार आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रेमस्वरूप पारस ने किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नागरिक पहचान पत्र देखने के बाद ही प्रगणकों के साथ अपनी आईडी साझा करें।