फिरोजाबाद। भीषण गर्मी के बीच शहरवासियों पर बिजली के साथ-साथ अब पानी का संकट भी गहराने लगा है। एसएन फीडर से जुड़े मेडिकल कॉलेज स्थित इलेक्ट्रिकल यार्ड में आई तकनीकी खराबी के कारण बुधवार को आधे शहर की जलापूर्ति ठप रही। बिजली न होने से शहर की तीन प्रमुख ओवरहेड टैंकों (उपरिगामी टंकियों) से जुड़े हजारों घरों में पानी की एक बूंद भी नहीं पहुंच सकी। लोगों को टैंकरों की सप्लाई के भरोसे रहना पड़ा।
यार्ड में जलभराव के कारण वहां लगी सीटी मशीन में फॉल्ट हो गया, जिससे तिलकनगर, सरस्वतीनगर, बौद्धाश्रम रोड, दुर्गानगर कोटला रोड और आर्य नगर की बिजली गुल हो गई। बुधवार सुबह जब मरम्मत का कार्य शुरू हुआ, तो बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद रही, जिसका सीधा असर पेयजल आपूर्ति पर पड़ा।
इन इलाकों में मची त्राहि-त्राहि
बिजली न होने के कारण हनुमानगढ़, विभवनगर और सत्यनगर टापा कलां उपरिगामी टंकियों से जुड़े मोहल्लों में सुबह के समय पेयजल आपूर्ति नहीं हो सकी।
बिजली कटौती के कारण हनुमानगढ़, सत्यनगर टापा कलां और विभवनगर टंकी से जुड़े इलाकों में पेयजल की समस्या रही है। कई क्षेत्रों से पानी के टैंकरों की मांग आई है, जिसे पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। बिजली आपूर्ति सुचारू होते ही जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
- सतीश कुमार, एक्सईएन जलकल