शिकोहाबाद। नारायण डिग्री कॉलेज की छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोप में घिरे विभागाध्यक्ष शुक्रवार को महाविद्यालय पहुंचे। प्राचार्य ने विभागाध्यक्ष से इस प्रकरण में लिखित बयान दर्ज किए हैं। जिसकी रिपोर्ट उच्च शिक्षा अधिकारियों समेत डीआईओएस को भेजी है।
नारायण महाविद्यालय में एमएससी द्वितीय सेमेस्टर की छात्राओं के यौन शोषण का मामला गुमनाम पत्र से सामने आया था। जिसमें आरोप था कि जन्तु विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. रवि यादव ने छात्राओं को फेल करने की धमकी देते हुए उनका यौन शोषण किया। साथ ही छात्राओं के अश्लील फोटो एवं वीडियो भी बना लिए थे। छात्राओं द्वारा विरोध करने पर फोटो एवं वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी जा रही थी। यह मामला सुर्खियों में आने के बाद जिला, तहसील एवं पुलिस प्रशासन ने भी इसका संज्ञान लिया था। शिकोहाबाद पुलिस ने महाविद्यालय में छात्राओं के बयान दर्ज करने के लिए एक नोटिस भी चस्पा किया था। प्रकरण के सुर्खियों में आने के बाद से ही विभागाध्यक्ष गैर हाजिर चल रहे थे। 17 दिनों तक गैर हाजिर होने के बाद आरोपी विभागाध्यक्ष शुक्रवार को महाविद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने हस्ताक्षर किए। इसके बाद प्राचार्य ने उनसे प्रकरण के बारे में बातचीत करते हुए उनके लिखित बयान दर्ज किए हैं। आरोपी विभागाध्यक्ष ने अपने ऊपर लगे हुए सभी आरोपों को निराधार बताया है। साथ ही फोटो के प्रकरण में उन्होंने कोई पक्ष नहीं दिया। लिखित बयानों की रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन एवं वरिष्ठ शिक्षा अधिकारियों को भेजी गई है।
आरोपी विभागाध्यक्ष प्रो. रवि यादव शुक्रवार को महाविद्यालय आए थे। उन्होंने अपने लिखित बयान दर्ज कराए हैं। जिसकी रिपोर्ट तैयार कर डीआईओएस को भेज दी गई है।
प्रो. विजय कुमार सिंह, प्राचार्य, नारायण महाविद्यालय