फिरोजाबाद। डीएलएड के प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं आज से 3 नवंबर तक आयोजित की जाएंगी। इसके लिए जिले में 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्राचार्य ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा पूरी पारदर्शिता और नकलविहीन ढंग से कराने के सख्त निर्देश दिए हैं।
डायट प्राचार्य ब्रजेंद्र सिंह ने बताया कि सभी केंद्रों पर नकलविहीन परीक्षा की तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं। परीक्षाएं प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगी।प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं 27 से 29 अक्तूबर तक और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 30 अक्तूबर से 3 नवंबर तक होंगी।
18 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए आंतरिक सचल दस्ते और मजिस्ट्रेट भी निगरानी करेंगे। परीक्षार्थियों को डायट प्राचार्य के उपलब्ध कराए गए प्रवेशपत्र के बिना केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।
इन केंद्रों पर होंगी परीक्षा
एमजी बालिका इंटर कॉलेज, गोपीनाथ इंटर कॉलेज, इस्लामियां इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, कस्तूरबा इंटर कॉलेज दुर्गा नगर, दाऊ दयाल गर्ल्स इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज स्टेशन रोड टूंडला, ठा. बीरी सिंह इंटर कॉलेज, पाली इंटर कॉलेज शिकोहाबाद, नारायन इंटर कॉलेज, बीडीएम गर्ल्स इंटर कॉलेज, तारा सिंह इंटर कॉलेज, एके इंटर कॉलेज, एमडी जैन इंटर कॉलेज सिरसागंज, क्षेत्रीय इंटर कॉलेज, गिरधारी इंटर कॉलेज शामिल हैं।