फिरोजाबाद। डीएलएड परीक्षाओं में इस बार सख्ती बढ़ा दी गई है। पिछली बार डीएलएड परीक्षाओं में व्हाट्सएप पर पेपर आने की शिकायत पर शासन ने सख्ती बढ़ा दी है। सचिव ने स्पष्ट रूप से कहा है कि इस बार परीक्षा केंद्रों में कक्ष निरीक्षक भी मोबाइल नहीं ले जाएंगे।
सोमवार से डीएलएड परीक्षाओं की शुरुआत होगी। शनिवार को परीक्षा केंद्रों और डायट पर तैयारियां चलती रहीं। डायट प्राचार्य विमलेश विजयश्री ने बताया कि परीक्षा शुरू होने से 20 मिनट पहले छात्रों को पहुंचना होगा। 9.40 बजे के बाद में किसी भी छात्र को परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं मिलेगा। सिर्फ पर्यवेक्षक एवं केंद्र व्यवस्थापक को कीपेड फोन केंद्र पर रखने की अनुमति होगी। कक्ष निरीक्षक फोन नहीं रखेंगे। कहीं भी नकल की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने एवं परीक्षा नकल विहीन कराने के लिए विभाग ने तय किया है कि तृतीय, चतुर्थ, छठवें एवं सातवें प्रश्नपत्र की परीक्षा के दौरान पहली पाली खत्म होने के बाद छात्र केंद्र से बाहर नहीं निकलेंगे। वह अपने परीक्षा कक्ष में ही बैठे रहेंगे। प्रश्नपत्रों की परीक्षा सिर्फ एक घंटे में होगी। दूसरे प्रश्नपत्र के मध्य में अंतराल 30 मिनट का है लिहाजा परीक्षार्थी परीक्षा कक्ष में अपने स्थान पर ही बैठेंगे।