ई रिक्शा चालक की संदिग्ध हालात में मौत
दो लोग हिरासत में, रिक्शा गायब होने के बाद से वह तनाव में था
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। मोहल्ला तिलकनगर निवासी ई रिक्शा चालक की संदिग्ध हालात में शुक्रवार रात मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में भी लिया है। इनसे पुलिस पूछताछ कर रही है।
उत्तर क्षेत्र के मोहल्ला तिलक नगर निवासी जितेंद्र कुमार (45) शुक्रवार रात किसी कार्य से घर से बाहर निकला था। तभी वह सड़क पर गिर गया। परिजन उसको उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर आए। यहां चिकित्सक ने उसको मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को घर ले गए। ई रिक्शा चालक की मौत की खबर पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। परिजनों से पूछताछ कर शव को पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल भेज दिया। परिजनों ने बताया कि जितेंद्र ई रिक्शा चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। चार जुलाई को कुछ लोगों ने नशीला पदार्थ खिलाकर झील की पुलिया के पास से ई रिक्शा लूट लिया था। तब से वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा। थानाध्यक्ष उत्तर संजीव कुमार दुबे का कहना है कि युवक की मौत बीमारी के कारण हुई है। जितेंद्र ने चार जून को अपने साथियों के साथ शराब का सेवन किया था। इसके बाद इन लोगों का विवाद हुआ था। तभी ई रिक्शा गायब हो गया। पीड़ित ने तहरीर दी है। चोरी का मुकदमा दर्ज किया जाएगा। दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।