एक माह से लापता युवक का शव मिला, हत्या का आशंका
- दो साल पहले हो गई थी पत्नी की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। एक माह से लापता युवक का शव बुधवार को कोटला रोड स्थित पेट्रोल पंप के समीप पड़ा मिला। बृहस्पतिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया। घरवालों ने हत्या की आशंका जाहिर की है। पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कह रही है।
उत्तर थाना क्षेत्र के मोहल्ला न्यू ओझानगर निवासी श्याम सुंदर (36) का शव बुधवार को उत्तर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बंबा चौराहा स्थित अलका पेट्रोल पंप के समीप पड़ा मिला। शव देख काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। सूचना पर उत्तर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मृतक के परिजन को सूचना दी। वह देर रात जिला अस्पताल आ गए। भाई करन ने बताया कि श्याम सुंदर की शादी ऊषा देवी के साथ हुई थी। ऊषा पर कोई संतान नहीं थी और दो साल पूर्व बीमारी के चलते ऊषा की मौत हो गई थी। तब से श्याम सुंदर मानसिक रूप परेशान रहता था। वह बंबा रोड स्थित एक दुकान पर वेल्डिंग का कार्य करता था। पिछले एक माह से उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली थी। बुधवार रात पुलिस ने शव मिलने की सूचना मिली। थानाध्यक्ष उत्तर संजीव कुमार दुबे बोले, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।