कब्र से छेड़छाड़ करने के बाद मृतक की पुत्री द्वारा पुरानी जगह पर बनाई कब्र, चढ़ाए फूल।
- फोटो : FIROZABAD
शिकोहाबाद। पुत्र द्वारा पिता की कब्र से छेड़छाड़ करने को लेकर बेटी ने हंगामा कर दिया। सूचना पर पुलिस के साथ क्षेत्रीय लोग भी एकत्रित हो गए और मामले को शांत करा दिया।
शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला शंभूनगर नगर स्थित पालीवाल चौराहे के समीप काफी पुरानी सैय्यद बाबा की मजार है। जिसकी चुन्ने खां द्वारा देखभाल की जाती थी। चुन्ने खां की मौत के बाद सैय्यद बाबा की मजार के पास ही परिजन ने चुन्ने खां को दफना दिया गया और सैय्यद बाबा की मजार की देखभाल चुन्ने खां का पुत्र शरीफ करने लगा। कुछ दिन पूर्व शरीफ ने अपने पिता चुन्ने खां की कब्र को वहां से हटाकर दूसरे स्थान पर बना दी।
चुन्ने खां की कब्र को दूसरे स्थान पर बनाए जाने की जानकारी चुन्ने खां की पुत्री आयशा को हुई तो वह शनिवार को परिजन के साथ मौके पर पहुंची और पिता की कब्र को दूसरे स्थान पर बनाए जाने का विरोध करने लगी। इस बीच काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।
मामला बढ़ता देख क्षेत्रीय लोगों ने शिकोहाबाद थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल करने के साथ ही मामले को शांत करा दिया। इसके बाद चुन्ने खां की कब्र को पुराने ही स्थान पर बनवाया गया। तब कहीं जाकर मामला शांत हो सका। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह मलिक का कहना है कि पारिवारिक झगड़ा है। दोनों पक्षों को समझाकर मामले को शांत करा दिया गया है।