विदाई के दौरान हेलीकाप्टर में बैठे नवदंपती। संवाद
फिरोजाबाद। बेटी के जन्म पर पिता ने सपना देखा कि वह बेटी की विदाई हेलीकाप्टर से करेंगे। बृहस्पतिवार को उनका यह सपना पूरा हुआ। पार्षद पिता ने अपनी बेटी परी की विदाई भी परियों की तरह की। उन्होंने अपने घर की परी (बेटी) की विदाई उड़नखटोले (हेलीकाप्टर) से की। इस दृश्य को देखने के लिए तमाम लोगों की भीड़ ग्रीन वैली में हेलीपेड पर जुटी रही।
शहर के वार्ड नंबर 30 के पार्षद श्याम सुंदर राठौर ने बताया कि उनकी इकलौती बेटी परी के जन्म के बाद ही उन्होंने सपना देखा था कि वह अपनी बेटी की विदाई हेलीकाप्टर से करेंगे। बेटी के जन्म लेने के बाद से लगातार उनकी तरक्की होने लगी। मां वैष्णो देवी की कृपा से उनकी बेटी की शादी 16 अप्रैल को हुई। दिल्ली से ध्रुव कुमार राठौर बारात लेकर आए। बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे बेटी की विदाई के लिए ग्रीन वैली में हेलीपेड बनाया गया था। जहां सुरक्षा के लिहाज से पुलिस फोर्स और फायर ब्रिगेड की गाड़ी को खड़ा किया गया। बेटी परी का कहना है कि पिता ने उसकी सच में परियों की सी विदाई की है। वहीं, पिता पार्षद ने बताया कि मातारानी की कृपा से बेटी को हेलीकॉप्टर से विदा करने का सपना आज पूरा हुआ। हेलीकाप्टर को देखने के लिए काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। दोपहर सवा 12 बजे हेलीकाप्टर से परी की विदाई की गई।