संवाद न्यूज एजेंसी
शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। अपनी पुत्रवधू एवं उसकी मां के उत्पीड़न से तंग आकर वृद्ध महिला ने एसएसपी से अपनी जान बचाने की गुहार लगाई है। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपी पुत्रवधू एवं अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
थाना क्षेत्र के अंतर्गत मैनपुरी रोड ओमनगर निवासी त्रिवेणी देवी के बेटे पुष्पेंद्र का विवाह 15 वर्ष पूर्व बॉबी निवासी दाऊजी रोड, गौहनपुर थाना मथुरा के साथ हुआ था। शादी के बाद उनके दो बेटे भी हैं। कुछ समय पूर्व से पीड़िता का पुत्र पुष्पेंद्र बीमार रहने लगा है। बेटे के बीमारी होने के बाद से पुत्रवधू ने भी घर में आए दिन कलह करना शुरु कर दी। आरोप है कि मथुरा से अपनी मां ज्ञानदेवी को बुलाकर पीड़िता के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट भी की है। जब बीचबचाव कराने के लिए पीड़िता का बड़ा बेटा धर्मेन्द्र आया, तो उसे छेड़खानी का आरोप लगवाकर जेल भिजवाने की धमकी दी। वृद्धा ने एसएसपी से अपनी जान बचाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।