फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र में बृहस्पतिवार को दुकान पर सामान लेने गई दस वर्षीय बालिका को बातों में फंसाकर एक वृद्ध ने उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले की जानकारी बालिका ने शनिवार को अपनी मां को बताई थी। पुलिस ने शनिवार की शाम ने आरोपी को हिरासत में ले लिया था। रविवार को उसे जेल भेजा है।
थाना उत्तर क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दुकान करने वाले देशराज के पास उसकी दस वर्षीय पुत्री सामान लेने गई थी। जहां टॉफी व अन्य सामान का लालच देकर वृद्ध दुकानदार ने बालिका के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। शनिवार को उसकी मांं को मामले की जानकारी हुई तो सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। मौके पर जानकारी करने के दौरान तक मामला छेड़छाड़ और लेनदेन का बताया जा रहा था। लेकिन जब सीओ सिटी अरूण कुमार चौरसिया ने थाने बुलाकर पीड़िता बालिका की मां से मामले की जानकारी की तो पूरी बात स्पष्ट हो गई। सीओ के आदेश पर मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने शनिवार की शाम को आरोपी देशराज को हिरासत में ले लिया था। रविवार को उसे जेल भेज दिया है।