मालवीय नगर में जेझाझाल परियोजना की लाइन डालने के लिए सडक की खुदाई करते श्रमिक
- फोटो : FIROZABAD
शहर में 94 सड़कें और गलियां जर्जर हाल में हैं। बारिश के दिनों में ये जर्जर रास्ते लोगों के लिए मुसीबत बनेंगे। इन सड़कों की मरम्मत के लिए 18 करोड़ से अधिक की राशि चाहिए। शहरी क्षेत्र में कई सड़कें ऐसी हैं, जिन्हे जल निगम ने जेड़ाझाल की पाइप लाइन डालने के लिए खोदा था। काम पूरा होने के बाद भी सड़कों को दुरुस्त नहीं किया गया है।
नगर निगम के निर्माण विभाग के रिकार्ड में 94 गलियां और सड़कों की हालत खराब है। मार्गों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू तो हो गई है, लेकिन बारिश के बाद ही सड़कों की मरम्मत संभव है। दक्षिण क्षेत्र के मोहल्ला मालवीय नगर में 15 दिन पूर्व लाइन डालने के लिए सड़क खोदी गई थी, लेकिन इसके बाद इसे सही नहीं कराया गया।
यही हाल गोपीनाथ स्कूल के सामने तीन-चार गलियों का है। मथुरा नगर व गोमती नगर वाली सड़क पर एक साथ लाइन डाली गई। मथुरा नगर की सड़क बनी पर गोमतीनगर की सड़क भी नहीं बनाई गई। झलकारी नगर में पांच माह पूर्व पाइप लाइन डाली थी, यहां भी सड़क नहीं बन सकी। खोदी गई सड़कें अब लोगों के लिए मुसीबत बनने लगी हैं। लोगों का कहना है कि बारिश से पूर्व यदि सड़कें नहीं बनवाई गईं तो बहुत मुश्किल होगी। कई मोहल्ले ऐसे हैं, जहां विभाग ने लाइन तो डलवा दी, लेकिन सड़क दुरुस्त नहीं कराई गईं।