फिरोजाबाद। शनिवार से गणेश महोत्सव का आयोजन शुरू हो रहा है। कोरोना संक्रमण को लेकर प्रशासन ने गणेश पंडालों में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित करने पर रोक लगा दी है। गणेश प्रतिमा तैयार कर बाजार में बेचने वाले दुकानदारों के चेहरे पर जहां मायूसी दिखाई देने लगी है। वहीं इस बार बाजार में छह से सात फुट प्रतिमाओं की डिमांड में कमी आई है। लोग घर के अंदर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित करने के लिए दो से ढाई फुट की ही प्रतिमा को पसंद कर रहे हैं। वहीं गणेश प्रतिमाओं को लेने के लिए दुकानदारों के पास आर्डर भी नहीं पहुंच रहे हैं।
विभव नगर में पिछले सात साल से गणेश पंडाल सजता रहा है। शाम आरती में करीबन चार से पांच सौ लोग एकत्रित होते थे, लेकिन इस बार कोरोना संक्रमण के चलते पांडाल नहीं सजाया जाएगा। इस बार घर के अंदर ही भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर पूजा अर्चना की जाएगी। परंपरा को नहीं तोड़ा जाएगा।
सुधीर गुप्ता, विभव नगर गणेश पंडाल आयोजक
खोया मंडी में पिछले 15 साल से लगातार गणेश पंडाल सजने के साथ ही सात से आठ फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाती रही है। इस बार गणेश पंडाल नहीं सजाया जाएगा। करीब एक से दो फुट की गणेश प्रतिमा लाकर घर के अंदर पूजा वाले स्थान पर ही स्थापित की जाएगी। परिवार के साथ ही पूजा अर्चना करेंगे।
विक्रम शिवहरे, खोया मंडी गणेश पंडाल आयोजक
पिछले साल की अपेक्षा इस बार गणेश प्रतिमाओं की डिमांड 70 प्रतिशत नहीं है। एक सप्ताह पूर्व दुकान लगाते थे, लेकिन इस बार आज ही दुकान लगाई है। देर शाम तक न तो कोई ऑर्डर आया और न ही कोई गणेश प्रतिमा लेने के लिए आया। कोरोना संक्रमण के कारण काफी नुकसान हो रहा है।
गोविंद कुमार, मूर्ति विक्रेता
इस बार दो से ढाई फीट की प्रतिमा की डिमांड है। चार से पांच और छह फीट की प्रतिमा की अभी तक कोई डिमांड नहीं है और न ही प्रतिमा तैयार की गई है। लोग रेट लेने तो आ रहे है, लेकिन अभी तक ऑर्डर नहीं आया है। अब जो खरीदारी होगी वह शुक्रवार शाम तक ही होगी। शनिवार को बाजार नहीं खुलेगा।
राकेश कुमार, मूर्ति विक्रेता