फिरोजाबाद। जेई और प्रोन्नत एसडीओ के आंदोलन से उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही हैं। फॉल्ट भी देरी से अटेंड हो पा रहे हैं। कोई समस्या होने पर उपभोक्ता जेई और एसडीओ को फोन कर रहे हैं तो सीयूजी नंबर बंद जा रहे हैं। विद्युत विभाग के जेई और एसडीओ ने अपने सीयूजी नंबर विभाग में जमा कर दिए हैं। इस कारण उपभोक्ताओं से संपर्क नहीं हो पा रहा है। किसी इलाके में फॉल्ट की समस्या आ रही है तो लंबे समय तक समस्या का निस्तारण नहीं हो रहा है।
एक्सईएन या एसई के पास सूचना पहुंचने पर फॉल्ट को दूर किया जा रहा है। या फिर उपभोक्ता विद्युत विभाग के चक्कर लगा रहे हैं। ट्वीटर पर भी शिकायतें बढ़ गई हैं। एक्सईएन एके पांडेय का कहना है कि जेई और एसडीओ आंदोलनरत हैं। हमारे पास जो भी सूचना आ रही हैं, हम उन फॉल्ट को जल्द दूर करा रहे हैं। विद्युत केंद्रों पर एसएसओ को सक्रिय रहने के आदेश दिए हैं।
लखनऊ आंदोलन में शामिल हुए जेई और एसडीओ
फिरोजाबाद। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन का क्रमिक अनशन शक्ति भवन मुख्यालय लखनऊ पर जारी है। फिरोजाबाद जनपद के संगठन के पदाधिकारी भी लखनऊ आंदोलन में शामिल हुए। एसडीओ डीके राजपूत ने कहा कि सरकार हमारी मांगों को माने। संवाद