सीआरपीएफ जवान ने खुद को गोली मारी, मौत
शिकोहाबाद। सीआरपीएफ में तैनात नगर के युवक ने झारखंड में ड्यूटी के दौरान खुद को गोली मार ली। इससे जवान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। सांत्वना देने के लिए आसपास के लोगों और रिश्तेदारों की भीड़ लग गई। परिजनों ने मामले की जांच कराने की मांग है।
नगर के मोहल्ला गंगानगर निवासी छोटेलाल को बेटा दिलीप (34) सीआरपीएफ में तैनात था। परिजनों ने बताया कि दिलीप वर्तमान में झारखंड में नक्सल प्रभावित लोहरदंगा जिले के पेशरार थाना क्षेत्र स्थित चैनपुर पिकेट में प्रतिनियुक्ति सीआरपीएफ 158 बटालियन में तैनात था। शनिवार सुबह परिजनों के पास बटालियन से फोन आया कि दिलीप ने अपनी इंसास राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। इसकी खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया।
आसपास के लोगों के अलावा रिश्तेदार और परिचित भी पहुंच गए। सीआरपीएफ जवान की मां निर्मला देवी, पत्नी प्रीती और छोटे भाई दीपक का रो-रो कर बुरा हाल है। जवान के पिता का कहना है कि उनका बेटा आत्महत्या नहीं कर सकता। जरूर उसके साथ कुछ गलत हुआ है। 19 नवंबर को ही दिलीप छुट्टी बिताकर ड्यूटी पर गया था। दिलीप पर एक बेटा और बेटी है। मृतक की मां ने मामले की जांच कराने की गुहार लगाई है। वहीं देर रात तक भी शव घर नहीं आ सका।