एटा के अलीगंज क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के बाद जिले के अधिकारी भी सक्रिय हो गए हैं। हालात यहां भी एटा जैसे ही हैं। जिले में पूर्व में कई मौतें जहरीली शराब पीने से हुई हैं। शिकोहाबाद और सिरसागंज की गिहार कालोनी में कच्ची शराब बनाने का कार्य धड़ल्ले से चलता है। जानकार पुलिस की शह पर इस धंधे को फलना फूलना बताते हैं। जब कोई घटना होती है तभी पुलिस कार्रवाई करती है। वर्ष 2015 में उत्तर और रामगढ़ पुलिस ने श्रीराम कालोनी में छापामार मारकर तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। यह लोग कच्ची शराब बनाकर नारखी और थाना पचोखरा क्षेत्र में सप्लाई करते थे। नगला सिंघी, नगला खंगर, नसीरपुर के साथ नारखी और एका पुलिस ने भी कई बार शराब की भट्ठियां पकड़ी हैं।
पचोखरा में हुई थीं नौ मौत
टूंडला। वर्ष 2012 में जहरीली शराब पीने से सुजान सिंह, अवधेश और दिनेश की मौत हुई थी। इस घटना के दूसरे दिन सुल्तान सिंह, नरेंद्र नागर, गौरव निवासी पचोखरा की मौत हो गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही थी तब तक जहरीली शराब पीने से बिजेंद्र सिंह निवासी नगला दल, नाहर सिंह निवासी गालिब व निन्नू पुत्र नत्थूराम निवासी पचोखरा की मौत हो गई। पुलिस की कार्रवाई शून्य रही।
नगला सिंघी क्षेत्र में चार मौत
वर्ष 2004 में थाना नगला सिंघी के घुरुकुआ निवासी मोहर सिंह, जगत सिंह, महेंद्र, कालीचरन की मौत हो गई थी। पुलिस ने न तो मुकदमा दर्ज किए और न ही जांच की।
वर्ष 2015 में में हुई थी तीन मौत
वर्ष 2015 के फरवरी माह में मटसेना थाना क्षेत्र के गांव दतावली निवासी मान सिंह और सुजान सिंह की जहरीली शराब पीने से मौत हो गई थी। सुजान सिंह के परिवार में शादी समारोह का आयोजन था। इस मामले में मटसेना पुलिस ने जयश्रीराम, रक्षपाल, बंटू, अरविंद सहित एक अन्य को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। शिकोहाबाद क्षेत्र की गिहार कालोनी में कच्ची शराब के सेवन से साधु की मौत हो गई थी। पुलिस इस मामले में कार्रवाई नहीं की।
केस एक
दूध बेचकर पालन पोषण
सुजान सिंह की मौत के बाद उसकी पत्नी ने एक भैंस बेच दी और एक का दूध बेचकर परिवार का पेट पाला। सुजान सिंह के नाम जो भूमि थी, वह बंजर है।
केस दो
बेटों ने संभाली परिवार की जिम्मेदारी
मान सिंह ने दो बेटियों के साथ एक बेटे की शादी कर दी थी, जबकि एक बेटा अविवाहित था। पिता की मौत के बाद बड़े बेटे के कंधों पर परिवार के भरण पोषण की जिम्मेदारी आ गई। परिवार के पास खेती के नाम पर केवल दो या तीन बीघा जमीन है। मान सिंह की मौत के बाद बमुश्किल परिवार संभला।
गिहार कालोनी में छापा, 14 गिरफ्तार
शिकोहाबाद(ब्यूरो)। शनिवार दोपहर को गिहार कालोनी में एसडीएमचंद्रभानु सिंह, सीओ श्यामकांत और प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र शंकर पांडेय ने छापा मारकर कच्ची शराब बरामद की। 14 लोग राहुल, उमेश, कौशलेंद्र, लला, मनोज, प्रवीन, आनंद, पुष्पेंद्र, राजेश्वर, राजपाल, रामदीन, उमेश श्यामवीर, टीनू निवासी वाल्मीकि बस्ती गिहार कालोनी, कटरा मीरा, भड़ाईपुरा, कुरावली, भूड़ा भरथना, बैजुआ खास, मौड़ा को गिरफ्तार किया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तीन हजार लीटर लहन, 450 लीटर तैयार शराब बरामद की गई। इस नष्ट करा दिया गया।
तीव्रता बढ़ाने को डालते हैं मरी छिपकली
शिकोहाबाद (ब्यूरो)। लहन जिसे शराब बनाने से पूर्व पानी में गुड़, ईस्ट डालकर सड़ने के लिए प्लास्टिक की कैनों में रख दिया जाता है। उसकी तीव्रता बढ़ाने के लिए रबर की चप्पल के तले, मरी छिपकली आदि भी डाली जाती है। गिहार कालोनी में छापे के दौरान बरामद लहन जो अनारकली नामक महिला के यहां बरामद हुई थी उसमें मरी हुई छिपकली निकली। कच्ची शराब तैयार करने के बाद उसे 10 रुपये प्रति गिलास बेचा जाता है।