युवक का शव मिलने के बाद जिला अस्पताल में एकत्रित परिवारीजन।
आगरा स्थित एक कोचिंग से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र की सोमवार की रात हत्या कर दी गई। साथ ही उसके शव को शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के भूड़ा नहर में फेंक दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, छात्र की तलाश करते हुए परिवारीजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। यहां उन्होंने अजय के रूप में उसकी शनाख्त कर ली। पुलिस ने मामले की रिपोट दर्ज कर ली है।
छात्र के मामा अजीत यादव निवासी नगला सिंकदर थाना एका ने बताया कि अजय यादव (19) पुत्र सतीश चंद्र जसराना के झाल का नगला निवासी था। वह बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र होने के साथ ही आगरा से प्रतियोगी परीक्षा के लिए कोचिंग कर रहा था। सोमवार की रात करीब आठ बजे अजय ने परिवार के ही भाई नीनेश को फोन किया था। उसको नगला चैनसुख बोझिया से बुलाकर ले जाए। वह पहुंचने वाला है। चैन सुख बोझिया से गांव के लिए वाहन का कोई साधन नहीं है। नीनेश गांव के ही एक युवक के साथ साइकिल लेकर नगला चैन सुख बोझिया पर पहुंच गया। अजय के आने का इंतजार करने लगा। इसी बीच गांव बनवारा निवासी जितेंद्र पुत्र बदन सिंह ने नीनेश को बताया कि अजय और मलखान सिंह एटा रोड स्थित फौजी ढाबा पर खाना खा रहे हैं। रात करीब नौ बजे नीनेश ने फोन किया तो अजय ने दस मिनट में आने की बात कही। इसके बाद भी नीनेश अजय से संपर्क करता रहा लेकिन 12 बजे के बाद अजय का फोन बंद हो गया। नीनेश साथी के साथ घर आ गया। अजय के घर न पहुंचने पर परिवारीजनों को चिंता हो गई। उन्होंने उसके फोन पर संपर्क किया लेकिन वह बंद था। परिवारीजन अजय की खोजबीन करते हुए शिकोहाबाद थाने पहुंचे। पुलिस द्वारा शव मिलने की सूचना पर परिवारीजन अस्पताल आ गए। यहां शव की शनाख्त अजय के रूप में कर ली। परिवारीजन हत्या का कारण स्पष्ट नहीं कर सके। शिकोहाबाद पुलिस ने अजय के पिता की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शव मिलते ही मलखान हुआ गायब
पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी कोशिश कर रही है। वहीं, अजय का शव मिलते ही मलखान का भी गायब हो गया। यह आरोप मृतक के मामा ने लगाया है।
सिर में थी चोट
आरोपियों ने अजय की हत्या क्यो की इसकी जानकारी भले ही परिवारीजन नहीं दे सके हो लेकिन अजय के सिर में चोट के निशान थे। यह आरोप मृतक के पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में लगाया है।
तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था अजय
अजय तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। पिता किसान होने के साथ ही गांव में ही निवास करते है, जबकि अजय के दूसरे नंबर का भाई विजय एयरफोर्स की तैयारी कानपुर से कर रहा है।