इटावा-टूंडला-आगरा पैसेंजर ट्रेन में बुधवार की सुबह बम की सूचना मिलने पर रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। इस पर रेलवे पुलिस ने स्टेशन पर सभी ट्रेनों में चेकिंग अभियान लगाया। इस दौरान डाग स्क्वाड टीम ने यात्रियों के सामानों और संदिग्ध वस्तुओं की जांच की। वहीं सिविल पुलिस ने रेलवे पुलिस के साथ स्टेशन व हाईवे, बस स्टैंड, ढाबों आदि की भी जांच की।
रेलवे पुलिस का चेकिंग अभियान रेलवे सुरक्षा बल के कंपनी कमांडर आनंद कुमार एवं जीआरपी थानाध्यक्ष के संयुक्त नेतृत्व में चलाया गया। टूंडला से आगरा सिटी स्टेशन पहुंची इटावा टूंडला आगरा पैसेंजर ट्रेन के यात्रियों को उतारने के बाद सघन चेकिंग की गयी। वहीं टूंडला सहित अन्य स्टेशनों पर अलर्ट जारी कर दिया गया। रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस ने डॉग स्क्वाड टीम को साथ लेकर टूंडला से गुजरने वाली प्रत्येक ट्रेन में चेकिंग की।
साथ ही प्लेटफार्म, स्टेशन पर रेलट्रैक आदि की भी सघन चेकिंग की। रेल अधिकारियों ने बताया कि विगत दिनों कानपुर रेल हादसे में आतंकियों द्वारा रेल पटरी उड़ाकर ट्रेन गिराने की बात सामने आयी है। इस दौरान रेलवे पुलिस ने दोनों ही प्लेटफॉर्मों की चेकिंग करने के बाद आरक्षण केन्द्र एवं अनारक्षित टिकट घर के आसपास भी जांच की। इसके बाद गोमती एक्सप्रेस, कालका मेल और पैसेंजर ट्रेनों में घुसकर रेलयात्रियों के सामानों की चेकिंग की। सिविल थाना प्रभारी ने बताया कि यह चेकिंग गुरुवार को भी जारी रहेगा। वहीं, पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रेमप्रकाश यादव के निर्देशन में सर्किल के चारों थानों की पुलिस ने हाईवे, बस स्टैंड, होटलों, ढाबों, रेस्टोरेंट पर चेकिंग अभियान चलाया।