दो दिन बाद खुला मक्खनपुर का बाजार।
जीतेश के हत्यारों की गिरफ्तारी को लेकर पिछले दो दिन से बंद पड़ा मक्खनपुर का बाजार गुरुवार को खुल गया। बुधवार को व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल भी एसएसपी से मिला था। एसएसपी ने व्यापारियों को सुरक्षा देने के साथ ही वारदात का जल्द खुलासा करने की बात कही है। इस पर व्यापारी सहमत हो गए।
नगला तुर्किया निवासी ज्वेलर्स जीतेश की अपाचे सवार बदमाशों ने उस वक्त गोली मारकर हत्या कर दी थी। जब वह दुकान बंद करने के साथ ही घर जाने के लिए तैयारी कर रहा था। वारदात को अंजाम देने के साथ ही बदमाश जीतेश का एक थैला भी लूटकर ले गए। इसमें नकदी और सोने चांदी के आभूषण होने की बात कही गई थी। वारदात के तीन दिन बाद भी पुलिस बदमाशों को गिरफ्तार नहीं कर सकी। इसके विरोध में व्यापारियों ने मंगलवार और बुधवार को कस्बा मक्खनपुर का बाजार बंद करने के साथ ही धरना प्रदर्शन कर कैंडल मार्च भी निकाला था। गुरुवार शाम को व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल एसएसपी से मिला था। एसएसपी के अश्वासन पर व्यापारी सहमत हो गए। उन्होंने गुरुवार को बाजार खोल दिया।
पुलिस ने लगवाए सीसीटीवी कैमरे
मक्खनपुर। जिस स्थान ज्वेलर्स जीतेश की हत्या की गई उस स्थान पर लोगों की मांग पर पुलिस ने गुरुवार शाम को सीसीटीवी कैमरे लगाना का काम शुरू किया गया। लोगों ने चौकी बनाने की मांग भी की है ।
अपहरण का मुकदमा दर्ज करने से बच रही है पुलिस
मक्खनपुर(ब्यूरो)। मक्खनपुर निवासी एक किशोरी को पड़ोस में रहने वाला युवक पिछले चार दिन पूर्व बहला फुसलाकर अगवा कर ले गया था। इसकी जानकारी पीड़ित किशोरी के परिवारीजनों ने मक्खनपुर पुलिस को देने के साथ ही आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर भी दी थी लेकिन पुलिस ने चार दिन बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। ऐसे में पीड़ित परिवार एसएसपी से न्याय की गुहार लगाने की बात कह रहा है।