लूट के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया
फरिहा के आलू व्यापारी के साथ पचोखरा थाना क्षेत्र में लूट की वारदात जेल से छूटकर आए शातिर अपराधी नकूला ने अपने साथियों के साथ अंजाम दिया था। घटना का तानाबाना व्यापारी की आढ़त पर नौकरी करने वाले नौकर ने बुना था। घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए बदमाशों के पास से पुलिस ने 63 हजार रुपये बरामद किए है।
विगत 11 जुलाई को फरिहा थाना क्षेत्र के गांगिनी दरवाजा निवासी इलियास पुत्र शंभू खां के साथ बाइक सवार तीन बदमाशों ने पचोखरा थाना क्षेत्र के गांव कोटकी के समीप तीन लाख रुपये की लूट की थी। पचोखरा पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज कर जांच की गई। जांच के दौरान गल्ला मंडी स्थित इलियास की आढ़त पर नौकरी करने वाले राहुल पुत्र दिनेश निवासी टापाखुर्द का नाम सामने आया। पुलिस ने राहुल को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने बताया कि घटना को जगदीश बाबू उर्फ बाबू पुत्र ब्रजमोहन निवासी टापाखुर्द थाना उत्तर, डौनी उर्फ प्रदीप पुत्र जसवंत सिंह निवासी बघेल कालोनी थाना उत्तर और नकूल पुत्र गंगाचरन निवासी राधाकिशन नगर थाना उत्तर ने अंजाम दिया है। पुलिस ने राहुल की निशानदेही पर जगदीश को गिरफ्तार कर लिया। वहीं नकूल और डौनी पुलिस के हाथ नहीं लग सके। आरोपियों से पूछताछ के बाद एसपी सिटी संजीव वाजपेयी ने बताया कि राहुल इलियास की आढ़त पर नौकरी करता था। राहुल के इलियास पर करीब 18 हजार रुपये थे। इलियास देने से इनकार कर रहा था। इस पर राहुल ने इलियास को लुटवाने की योजना बनाई। इसके लिए राहुल ने डौनी के छोटे भाई टीटू से संपर्क किया। टीटू और राहुल दोस्त है। इसके एवज राहुल को बीस हजार रुपये दिए गए। एसपी सिटी ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों में से राहुल के पास से 18 हजार और जगदीश से 41 हजार रुपये बरामद किए गए है। डौनी और नकूल की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।