लुटेरों का हाईवे से लेकर संपर्क मार्ग तक कब्जा था। एक के बाद एक करके तीन स्थानों पर छह लोगों के साथ मारपीट कर हजारों की नकदी और सोने चांदी के आभूषण लूट लिए। पुलिस को देर बदमाश भाग जाने में सफल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया।
घटना एक
नारखी थाना क्षेत्र के गांव त्रिलोकपुर निवासी श्यामसुंदर पुत्र श्रीकिशन को एसपी सिटी आफिस के सामने बाइक सवार बदमाशों ने मारपीट कर छह हजार रुपये, मोबाइल और बैग लूट लिया। पीड़ित नोएडा में नौकरी करता है। वह घर जाने के लिए जलेसर रोड आ रहा था। घायल का पुलिस ने डाक्टरी परीक्षण कराया है।
घटना दो
लाइनपार थाना क्षेत्र के मोहल्ला संतनगर निवासी पिंटू पुत्र राम अवतार सिंह अपनी पत्नी मोहनी और भतीजे नरेंद्र के साथ फर्रुखाबाद जाने के लिए रेलवे स्टेशन पर पैदल आ रही थी। सभी लोग चंद्रवार गेट के समीप पहुंचे थे। तभी तीन बदमाशों ने उनको रोक लिया। पिंटू के साथ मारपीट करते हुए उसकी पत्नी से सोने चांदी के आभूषणों के साथ करीब छह हजार रुपये लूटकर ले गए। पिंटू का पुलिस ने डाक्टरी परीक्षण कराया है।
घटना तीन
चंद्रवारगेट दक्षिण निवासी हरी सिंह अपने पुत्र नरेंद्र के साथ आटो चलाता है। पिता पुत्र आटो खड़ा कर पैदल घर जा रहे थे। माल गोदाम के समीप पहुंचे थे। तभी बदमाशों ने उनको रोक लिया और लूटपाट शुरु कर दी। विरोध करने पर बदमाशों ने हरी सिंह की पिटाई करते हुए सिर में तमंचे की बट से प्रहार कर घायल कर दिया। इस बीच पुलिस की गाड़ी को देख बदमाश मौके से भाग गए। पुलिस ने घायल का डाक्टरी परीक्षण कराया है।
घटना चार
सुभाष तिराहे पर लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे बदमाश का लोगों ने पीछा करना शुरु कर दिया। बदमाश को राहगीरों की मदद से नगला बरी चौराहे पर पुलिस ने पकड़ लिया। पकड़े गए बदमाश को रसूलपुर पुलिस पूछताछ कर रही है।