रुपये चेक करने का झांसा देकर 1.4 लाख रुपए उड़ाए
- फोटो : Amar Ujala
तीनों युवक सीसीटीवी कैमरे में कैद
शुक्रवार को स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में एक वृद्ध से तीन युवकों ने 1.4 लाख रुपये नकली नोट चेक करने का झांसा देकर ले उड़े। घटना की जानकारी होते ही बैंक में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज देखकर ठगी करने वाले युवकों की तलाश कर रही है।
शुक्रवार दोपहर ढ़ाई बजे स्टेट बैंक में वृद्ध ताले सिंह (62) निवासी सेमरा थाना सिरसागंज जो कि पीडव्लूडी विभाग में बेलदार रह चुके हैं। मकान बनवाने के लिए खाते से रुपए निकालने आए। उसने 1.5 लाख रुपये निकाले। सभी नोट एक हजार के थे। वृद्ध ने रुपयों को अपने साथ लाये कपड़े के थैले में रख लिया। रुपये निकालते ही वहां खड़े एक युवक ने कहा बाबा चेक कर लो कोई नोट नकली तो नहीं है। युवक वृद्ध को वहीं बने सिस्टम रूम में ले गया। उसके पीछे एक अन्य साथी आ गया। जबकि उनका तीसरा साथी सिस्टम रूम के गेट पर खड़ा हो गया। नकली नोट चैक करने के बहाने युवक ने एक हजार का एक नोट वृद्ध को देते हुए कहा कि यह नकली है बदल लो। उसने थैले की गांठ बांधते हुए वृद्ध को पकड़ाते हुए कहा कि बाबा शेष रुपये थैले में हैं। वृद्ध को थैला पकड़ाकर तीनों युवक पल भर में ही बैंक से रफू चक्कर हो गये। वृद्ध ने थैले को खोलकर देखे तो थैले में से एक लाख चार हजार रुपए गायब थे। उसने शोर मचाया लेकिन तब तक तीनों युवक एक लाख चार हजार रुपए लेकर जा चुके थे। बैंक के सामने खड़ा सिपाही जानकारी होते ही बैंक में पहुंचा और वृद्ध से पूरी जानकारी करने के बाद बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे को चलाकर देखा। फुटेज में तीन युवक दिखाई दिए। पुलिस वृद्ध को थाना रिपोर्ट दर्ज कराने ले गई।