थाना क्षेत्र के गांव कमालपुर में बुधवार को खेत से लौटते समय कुछ लोगों ने एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। वहीं, मृतक के चचेरे भाई की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। किसान की हत्या क्यों हुई? हत्यारे कौन थे? आदि की जानकारी नहीं हो सकी है। उधर, पुलिस मामले में जांच की बात कह रही है।
चंद्रपाल निषाद (45) पुत्र बाबूराम निषाद पत्नी और पुत्र-पुत्री के साथ फरिहा थाना क्षेत्र के गांव कमालपुर में निवास करता था। उसके दो पुत्र पुष्पेंद्र और गोविंद अहमदाबाद में नौकरी करते हैं। बुधवार की सुबह करीब छह बजे चंद्रपाल प्रतिदिन की तरह खेत से लौटकर घर आ रहा था। इसी बीच बाग के पास कुछ लोगों ने चंद्रपाल पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली चंद्रपाल के सीने में जा लगी और मौके पर गिर कर छटपटाने लगा। कुछ देर बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस बीच हत्यारे मौके से भाग गए। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। वारदात स्थल का निरीक्षण किया। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर पुलिस ने चंद्रपाल के चचेरे भाई राजवीर सिंह की तहरीर पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। चंद्रपाल की हत्या करने का उद्देश्य क्या था? इसकी जानकारी नहीं मिल पा रही है। थानाध्यक्ष फरिहा ने बताया कि पीड़ित परिवारीजनों ने हत्या का कोई स्पष्ट कारण नहीं लिखाया है और न ही जानकारी दी है। पीड़ित परिवारीजनों से पूछताछ की जाएगी। इसके बाद ही हत्या का कारण स्पष्ट हो सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।