लाइनपार थाना क्षेत्र के मोहल्ला संतनगर चंद्रवार गेट से अगवा किए गए बहन भाई को रामगढ़ थाना पुलिस ने सांती रोड स्थित नाथ बगीची के पास से बरामद कर लिया। पकड़े गए आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है। आरोपी कार से बच्चों को अगवा करके ले जा रहा था।
मोहल्ला संतनगर निवासी रमेश की सात वर्षीय पुत्री मिलन और नौ वर्षीय पुत्र किशन उर्फ कृष्णा को दावत खिलाने की बात कहकर राकेश पुत्र हरीरामपाल निवासी दिल्ली अपने साथ कार से बुलाकर लाया।
रास्ते में राकेश ने बच्चों की पिटाई की, तो बच्चों ने शोरगुल कर दिया। इस बीच ग्रामीण एकत्रित हुए तो राकेश ने गाड़ी को हाथवंत की ओर भगाना शुरु कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही कार का पीछा कर सांती रोड स्थित नाथ बगीची के समीप आरोपी की कार को रोक लिया। आरोपी की पिटाई करते हुए पुलिस को सूचना दी। इस बीच पुलिस भी पहुंच गई। अपहरणकर्ता के साथ बच्चों को पुलिस थाने ले आई।
बच्चों के परिवारीजन भी थाने पहुंच गए। रमेश की पत्नी सुधा ने बताया राकेश उसके देवर मुकेश के साथ दिल्ली में रहता है। मुकेश आटो रिक्शा चालक है। राकेश मुकेश के साथ दिल्ली निवासी शंकर की गाड़ी लेकर गुरुवार सुबह फिरोजाबाद आया था। राकेश शाम को बच्चों को उनकी बुआ सुमन के यहां हाथवंत ले जाने की बात कहकर घर से कार में बैठाकर लाया था। रामगढ़ थानाध्यक्ष का कहना है कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा। राकेश बच्चों का अपहरण क्यों करना चाहता था, इसकी जानकारी वह नहीं दे सका है।