बहुचर्चित सारा सिंह की हत्या के मामले में जांच कर रही सीबीआई की टीम ने सोमवार शाम को पुन: जिले में दस्तक की। सीबीआई ने सिरसागंज में उस स्थान को देखा जहां सारा सिंह की कार को हादसे का शिकार बताया गया था। सारा की हत्या के मामले में आरोपी अमनमणि वर्तमान में नौबस्ता से विधायक हैं।
बताते चलें प्रदेश के पूर्वमंत्री अमरमणि त्रिपाठी की पुत्र वधू सारा सिंह की नौ जुलाई 2015 को सिरसागंज में पैगू रोड पर कार दुर्घटना में संदिग्ध परिस्थतियों में मौत हुई थी। सारा सिंह अपने पति अमनमणि त्रिपाठी के साथ लखनऊ से दिल्ली जा रही थीं। अमनमणि कार चला रहे थे और सारा सिंह बगल वाली सीट पर बैठी थी। सिरसागंज में पैगू रोड बाईपास चौराहे पर हाईवे किनारे कार खंदी में पलट गई थी। इसमें सारा सिंह की मौत हो गई जबकि अमनमणि को खरोंच तक नहीं आई। सारा सिंह की मां सीमा सिंह और अन्य परिवारीजन सूचना मिलने ही फिरोजाबाद आए गए थे। सारा की मां सीमा सिंह ने इसे हादसे में मौत न मानते हुए सारा की हत्या करने का आरोप लगाया। अमनमणि और उसके मित्रों पर योजनाबद्ध तरीके से हत्या का आरोप लगाया। मामला हाईप्रोफाइल था और शासन तक पहुंचा। सीमा सिंह की मांग पर घटना की सीबीआई जांच शुरू हुई। तभी से इस मामले में सीबीआई जांच कर रही है। सीबीआई की टीम यहां कई बार दस्तक चुकी है। पोस्टमार्टम करने वाली टीम, डाक्टरों और हादसा स्थल पर गवाहों के बयान सीबीआई पहले ही ले चुकी है। सीबीआई ने सिरसागंज के एमडी जैन कालेज में पढ़ने वाली छात्रा के भी बयान लिए थे जिसे बचाने की कोशिश में अमनमणि ने कार पलट जाने की बात कही थी। पूरी जांच पड़ताल के बाद सीबीआई ने यह मानते हुए कि सारा सिंह की हत्या की गई थी, अमनमणि पर हत्या का केस चलाने की अपील की।
सोमवार शाम को सीबीआई की टीम जांच करने पुन: सिरसागंज पहुंची। बताते हैं कि टीम में सीबीआई के पांच लोग शामिल थे। टीम के आने की सूचना पर थाना प्रभारी सिरसागंज भी पहुंच गए। टीम ने पैगू चौराहा स्थित घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पहले से तैयार किया हुआ नक्शा उनके साथ था। कुछ देर यहां रुकने के बाद सीबीआई टीम चल गई। टीम सीबीआई के डीआईजी डीएस शुक्ला के नेतृत्व में आयी थी।
एक सप्ताह पहले भी आयी थी टीम
फिरोजाबाद। सारा हत्याकांड में सीबीआई टीम गोपनीय तरीके से जांच कर रही है। सूत्र बताते हैं कि एक सप्ताह पहले भी जांच कर रही टीम के कुछ सदस्य यहां आए थे और जिला अस्पताल में सीएमएस से मिले थे। टीम ने सारा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर माथापच्ची करते हुए मेडिकल से जुड़े कुछ सवालों के जवाब तलाशे थे। हादसे में मौत के दौरान उल्टी होने का सवाल भी पूछा गया था। सारा के शरीर पर चोटों के बारे में जानकारी ली थी।