चार नकाबपोश बदमाशों ने रविवार देर रात भगवतीगंज स्थित एक प्राइवेट कंपनी के दफ्तर में घुसकर वहां सो रहे कर्मचारियों को असलहे के बट व लोहे के रॉड से हमला कर 15 लाख रुपये लूट लिए। घटना की सूचना पाकर पहुंचे एसपी ने मौका मुआयना करके 48 घंट में घटना के खुलासे का आश्वासन दिया है।
कोतवाल एसके त्रिपाठी ने सोमवार को बताया कि भगवतीगंज सुआंव नाले के पास सुगना फूड्स प्राइवेट कंपनी के ऑफिस में रविवार देर रात चार नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोला और वहां सो रहे कर्मचारियों को असलहों के बल पर बंधक बनाकर 15 लाख रुपये लूटकर भाग गए। कंपनी के सुपरवाइजर चंद्रशेखर यादव ने नगर कोतवाली में घटना की तहरीर दी है।
कोतवाल ने बताया कि चंद्रशेखर के मुताबिक रविवार रात मार्केटिंग के कर्मचारी साकेत व सुपरवाइजर राहुल भी उनके साथ कंपनी के दफ्तर में खाना खाने के बाद सो रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे अचानक बिजली चली गई और गर्मी लगने लगी।
तीनों लोग जागे और दरवाजा खोलकर बाहर आए तो देखा कि केवल उन्हीं के दफ्तर की बिजली गुल थी। मीटर के पास देखा तो एमसीबी गिरी थी। इस पर एमसीबी ऑन करके तीनों कर्मचारी सोने के लिए भीतर चले गए। इसके बाद रात ढाई बजे अचानक दरवाजा तोड़कर चार नकाबपोश बदमाश कमरे में घुस आए और असलहे के बट व लोहे के पाइप से तीनों कर्मचारियों को पीटने लगे।
बदमाश तिजोरी की चाभी मांगने लगे। चंद्रशेखर तिजोरी की चाभी देने लगा तो बदमाशों ने कहा कि तुम ही तिजोरी खोलो। चंद्रशेखर से तिजोरी खुलवाकर बदमाशों ने उसमें रखे 15 लाख रुपये काले रंग के बैग में रखवाए।
इसके बाद कमरे में बिछा चादर फाड़कर तीनों लोगों के हाथ व मुंह बांधने के बाद चारों बदमाश धमकी देकर चले गए। चंद्रशेखर की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन के लिए क्राइम ब्रांच की टीम को लगाया गया है।