पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया।
एसओजी और मटसेना पुलिस ने चेकिंग के दौरान कैंटर में लदी तकरीबन 10 लाख रुपये की हरियाणा की शराब पकड़ ली। पुलिस ने शराब के साथ कैंटर चालक नसरुद्दीन उर्फ नसरुनिवासी एनआईटी एसडी हाउस 45 फरीदाबाद को गिरफ्तार कर लिया। वहीं पुलिस ने कैंटर के आगे चल रही एक गाड़ी से अशोक यादव निवासी बुढ़ाना थाना ताजगंज आगरा और हितेश उर्फ मिंटू पुत्र मदन गोपाल निवासी गांधी कालोनी ओल्ड फरीदाबाद को भी गिरफ्तार कर लिया। कैंटर के आगे चल रही गाड़ी में बैठे आरोपी पल-पल की जानकारी कैंटर चालक को दे रहे थे।
एसएसपी अजय कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस ने चेकिंग के दौरान कैंटर में लदी 2328 कैन बीयर (किंगफिशर), 384 हॉफ अंग्रेजी शराब (रॉयल चैलेंज ब्रांड), 624 हाफ और 204 बोतल अंग्र्रेजी शराब (आईबी ब्रांड) बरामद की। शराब कैंटर के अंदर बनाए गए गोपनीय बाक्स में रखी थी। पकड़े गए आरोपियों में हितेश उर्फ मिंटा मुख्य आरोपी होने के साथ ही शराब का कारोबार भी करता है। बताया जा रहा है कि वह मैनपुरी के करहल में रहने वाले एक कद्दावर नेता का रिश्तेदार हैं।
बीसीए के छात्र को बना दिया शराब माफिया
पूछताछ में हितेश ने पुलिस को जानकारी दी कि वह दिल्लाी से बीसीए प्रथम वर्ष की तैयारी कर रहा है लेकिन अधिक पैसे कमाने के चक्कर में उसने अवैध रूप से शराब का कारोबार शुरू कर दिया। शराब पहुंचाने के साथ ही उसको शराब माफिया से 1.50 लाख रुपये भी लेकर आने थे।
जल्द बेनकाब होगा शराब माफिया नेता का चेहरा
एसएसपी अजय कुमार ने बताया कि मार्च माह के अंत तक करहल के शराब माफिया के साथ कद्दावर मैनपुरी के नेता का चेहरा भी जल्द बेनकाब कर दिया जाएगा। इसके लिए पुलिस टीम को सक्रिय कर दिया गया है। एसएसपी अजय कुमार ने एसओजी प्रभारी शैलेंद्र यादव, कोतवाल मटसेना प्रवींद्र कुमार के साथ उनकी टीम का प्रशस्ति पत्र देने के साथ ही पांच हजार रुपये का इनाम भी दिया है।