कैलई नहर में छात्र के कूदने के बाद उसकी तलाश करते लोग एवं पुलिस
पिता की फटकार से क्षुब्ध हाईस्कूल के छात्र ने कैलई नहर में छलांग लगा दी। इसकी जानकारी होते ही परिवारीजनों में कोहराम मच गया। गोताखोरों की मदद से छात्र की नहर में तलाश शुरू की गई लेकिन पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के न पहुंचने पर लोगों का आक्रोश भड़क गया। हंगामा होने पर थाना पुलिस पहुंची।
एका थाना क्षेत्र के गांव कोडर निवासी गिरीश कुमार पुत्र साहब सिंह हाईस्कूल की परीक्षा दे रहा है। परिवार के लोगों ने बताया कि गुरुवार को गिरीश परीक्षा देने के लिए नहीं गया। इसकी जानकारी साहब सिंह को हुई तो उन्होंने शुक्रवार सुबह उसकी डांट लगा दी। इससे क्षुब्ध होकर गिरीश घर से निकल गया और कैलई नहर में छलांग लगा दी।
परिवार के लोग ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही छात्र तलाश शुरू कर दी। बताया जाता है कि काफी समय बीत जाने के बाद भी थाना पुलिस मौके पर नहीं पहुंची तो अधिवक्ता शेर सिंह और भाजपा किसान मोर्चा के बृजक्षेत्र महामंत्री शिशुपाल राजपूत ने अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत करा हंगामा कर दिया
। नहर का पानी रोकने की मांग की लेकिन अधिकारियों ने ऐसा करने से मना कर दिया। इसके बाद सीओ जसराना, एसडीएम जसराना के साथ थाना एका पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाते हुए आसपास के गांव के गोताखोरों को बुलाकर छात्र की नहर में तलाश शुरू करा दी, लेकिन देर शाम तक गिरीश का कोई पता नहीं लग सका। उधर कार्यवाहक थानाध्यक्ष एका ने बताया कि पीएसी के गोताखोरों को मेरठ से बुलाया गया है। उनके आने पर नहर में छात्र की तलाश कराई जाएगी।