मासूम बच्ची के साथ ट्रेन के सामने कूदी महिला
मक्खनपुर का मामला परिजनों से हुआ था विवाद
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजाबाद/मक्खनपुर। थाना मक्खनपुर क्षेत्रांर्गत बुधवार तड़के एक महिला ने मासूम बेटी के साथ ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। दोनों की मौत हो गई। परिजनों ने बगैर पोस्टमार्टम कराए शवों का अंतिम संस्कार कर दिया।
सुनीता (28) निवासी मक्खनपुर का किसी बात को लेकर मंगलवार रात पति से विवाद हो गया था। सुनीता का पति किसी कारखाने में मजदूरी करता है। बताया जाता है कि सुनीता के मायके करहल में किसी की शादी थी। सुनीता शादी-समारोह में जाना चाहती थी लेकिन पति ने भेजने से इंकार कर दिया। इसी बात से क्षुब्ध सुनीता अपनी तीन वर्षीय पुत्री कोमल को लेकर बुधवार तड़के घर से निकल गई। घर के पास से गुजर रहे रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर उसने अपनी तीन साल की बेटी को लेकर ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। महिला के परिजन घटना स्थल पर पहुंच गए। महिला की मौत को लेकर दोनों पक्षों में विवाद की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने जैसे तैसे दोनों पक्षों को समझाया। बाद में मृतका के ससुराल और मायका पक्ष में सुलह समझौता हो गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराए बगैर शवों का अंतिम संस्कार कर दिया।
एसओ मक्खनपुर सलीम खां का कहना है कि मां-बेटी की ट्रेन से कटकर मौत की घटना की उन्हें जानकारी नहीं है। मक्खनपुर के समीप रेलवे ट्रैक पर खेत की ओर जाते समय एक महिला और बच्ची किसी ट्रेन की चपेट में आ गई। पंचनामा भर कर शव परिजनों को सौंप दिया है।
प्रमोद कुमार, इंचार्ज जीआरपी