केनरा बैंक में जांच करने पहुंची गुजरात पुलिस।
ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से ट्रांसफर किए 20 हजार रुपये की जांच करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गुजरात पुलिस शुक्रवार को रेलवे रोड स्थित कैनरा बैंक पहुंची। आरोपियों की तलाश की। हालांकि खाता धारक का नाम और पता फर्जी निकला।
गुजरात के जिला जामनगर के थाना सिटी बिज क्षेत्र की पटेल कालोनी निवासी जोसेफ पटेल की पुत्री जीजी बैन का कोटक बैंक में खाता है। जीजी बैन के खाते से माह फरवरी में 20 हजार रुपये ऑनलाइन निकाल लिए गए। इसकी जानकारी पीड़िता ने थाना सिटी बिज पुलिस को देकर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी कर रुपये निकालने का मुकदमा दर्ज कराया। सिटी बिज थाने में तैनात एसआई धर्मेंद्र सिंह ने जांच की तो पता चला कि रुपये फिरोजाबाद जिले के रेलवे रोड स्थित कैनरा बैंक में पवन कुमार पुत्र देवीलाल निवासी हनुमान गली भीमनगर थाना दक्षिण के खाते में ट्रांसफर किए गए हैं। इस पर गुजरात की जामनगर पुलिस फिरोजाबाद पहुंची। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए लेकिन नाम पता फर्जी होने के कारण पुलिस को आरोपी के संबंध में ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। इसी क्रम में शुक्रवार को भी पुलिस बैंक पहुंची और दस्तावेज खंगालने के साथ उस महिला के नाम पते के बारे में जानकारी की, जिसने पवन का खाता खुलवाते समय गारंटी दी थी। वह महिला रसूलपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला न्यू रसूलपुर की रहने वाली हैं। महिला का नाम ममता बताया गया है। पुलिस ममता की तलाश कर रही है।