फिरोजाबाद। स्वास्थ्य विभाग में संविदा कर्मचारी के पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर पिता-पुत्र द्वारा तीन लाख रुपये की ठगी की गई। इस मामले में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
फरिहा थाना क्षेत्र के गांव रीवा निवासी नरेंद्र सिंह का आरोप है कि जनपद आगरा के थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव पलिया निवासी वीरेंद्र कुमार से उसकी मुलाकात शिकोहाबाद स्थित बालाजी मंदिर के समीप हुई थी। उसने बताया कि उसका पुत्र स्वास्थ्य विभाग में संविदा कर्मचारी के पद पर तैनात है। वह तुम्हारे पुत्र की भी नौकरी लगवा देगा। इसके लिए उसको तीन लाख रुपये खर्च करने होंगे। इस बीच आरोपी वीरेंद्र ने अपने पुत्र से भी मुलाकात करा दी।
नौकरी लगवाने के नाम पर दो लाख रुपये बालाजी मंदिर के पास लिए। जबकि एक लाख रुपये बाद में लिए गए। नौकरी न लगने पर जब रुपये वापस लेने के लिए दबाव बनाया तो पिता-पुत्र द्वारा रुपये वापस नहीं दिए गए। जिस पर पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। न्यायालय के आदेश पर शिकोहाबाद थाना पुलिस ने वीरेंद्र कुमार व उसके पुत्र राम कुमार निवासी पलिया थाना फतेहाबाद आगरा के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।