फिरोजाबाद/नारखी। थाना नारखी के रामगढ़ में एक श्रमिक ने खेत पर लगे आम के पेड़ पर फांसी का फंदा ड़ालकर आत्महत्या कर ली। ग्रामीणों ने पेड़ पर श्रमिक को फंदे से लटका देखा तो थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है।
थाना नारखी क्षेत्र के रामगढ़ निवासी महेशचंद्र जाटव(40) आगरा में बेलदारी कर परिवार का पालन पोषण कर रहा था। पत्नी व बच्चों से विवाद हो जाने के कारण मंगलवार को श्रमिक अपने गांव थाना नारखी के रामगढ़ आ गया। विवाद की जानकारी होने पर परिजनों ने उसे समझाकर आगरा के लिए भेजा था। लेकिन उसने आगरा न जाकर खेत पर लगे आम के पेड़ पर दुपट्टा से फांसी का फंदा ड़ालकर झूल गया।
ग्रामीणों ने जब महेश का शव फांसी के फंदे से झूलता देखा तो थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पहुंचे थाना नारखी प्रभारी केके तिवारी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। थाना प्रभारी नारखी केके तिवारी ने बताया कि मृतक महेशचंद्र आगरा में बेलदारी का काम करता था। परिवार में विवाद हो जाने के कारण गांव आया था। यहां उसने फांसी लगा ली है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।