फिरोजाबाद। जिला आबकारी अधिकारी अखिलेश तिवारी के निर्देशन में बुधवार को अवैध शराब की बिक्री करने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। शिकोहाबाद के प्रतापपुर रोड स्थित गिहार कॉलोनी में 70 लीटर लहन को नष्ट कराया। वहीं आठ लीटर कच्ची शराब भी मिली।
कच्ची शराब पीने से शेखपुरा में तीन ग्रामीणों की एक दिन में मौत की घटना के बाद पुलिस एवं आबकारी विभाग के निशाने पर शराब बिक्री करने वाले हैं। बुधवार को जिला आबकारी अधिकारी अखिलेश तिवारी ने आबकारी निरीक्षक रामवीर सिंह, खगेंद्र वर्मा, कौशल कुमार एवं प्रवर्तन टीम के साथ शिकोहाबाद के प्रतापपुर रोड स्थित गिहार बस्ती पर छापा मारा। टीम को यहां आठ लीटर कच्ची शराब और 70 लीटर लहन मिला।
आबकारी टीम ने लहन को मौके पर ही नष्ट कराया। जाहरवीर ईंट भट्टा उद्योग पर काम करने वाले श्रमिकों, महिला श्रमिकों से बातचीत की। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को जागरूक किया। महिलाओं को हिदायत दी कि कच्ची शराब यदि उनके पति लाएं या फिर कोई बिक्री करने आए तो तत्काल सूचना दें। आबकारी टीम ने महिलाओं को अपने नंबर भी नोट कराए।