फिरोजाबाद। थाना दक्षिण क्षेत्र में घर में रंग रोगन करने आए पेंटर ने दस वर्षीय बालिका से फोन पर अश्लील बातें कीं। इसकी जानकारी बालिका ने अपनी मां को दी। फोन में रिकार्डिंग होने के कारण बातों को सुनकर परिजन पेंटर को पकड़कर थाने ले गए और उसके खिलाफ तहरीर दी।
थाना दक्षिण क्षेत्र के आवास विकास कालोनी निवासी महिला ने थाने में दी तहरीर में कहा कि उसके घर में दीपावली के कारण रंगरोगन का काम चल रहा है। घर पर थाना रामगढ़ क्षेत्र के 12 बीघा का निवासी पेंटर काम कर रहा था। आरोप है कि पेंटर ने घर वाले नंबर पर फोन करके उसकी दस वर्षीय बालिका से अश्लील बातें कीं। बालिका ने इसकी जानकारी अपनी मां को दी। जानकारी होने के बाद जब मोबाइल फोन की रिकार्डिंग को सुना तो देखा कि वह अश्लील बातें कर रहा है। परिजन पेंटर को पकड़कर थाना दक्षिण ले गए। उन्होंने उसके खिलाफ थाना पुलिस को तहरीर दी है। एसएसआई थाना दक्षिण अजय चक ने कहा कि इस तरह के मामला आया है। तहरीर मेरे संज्ञान में नहीं है तहरीर के आने पर मामले की जांचकर कार्रवाई की जाएगी।