फिरोजाबाद। मंगलवार रात को सदर बाजार में दुकान की तरफ गिट्टी फेंकने से बच्चों को रोकने पर दुकानदार से मजार के पास रहने वाले समुदाय विशेष के लोगों का विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि जमकर मारपीट हुई और पत्थर फेंके गए। विवाद दो समुदाय से जुड़ा होने के चलते बड़ी पुलिस फोर्स पहुंच गया। दुकानदार पक्ष से घायल हुए लोगों को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। वहीं आरोपी फरार हो गए। लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
सदर बाजार में सिनेमा चौराहे के निकट फ्रेंड्स ग्लास मार्केट में कोटला रोड निवासी सुनील शर्मा की गिफ्ट आइटम की दुकान है। मंगलवार रात करीब पौने 9 बजे दुकान पर पुत्र उत्सव शर्मा और तुषार शर्मा बैठे हुए थे। इस समय सदर बाजार में सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण सामग्री गिट्टी आदि सड़क किनारे पड़ी हुई है। यहां स्थित मजार के पास रहने वाले बच्चे खेल रहे थे। बच्चे गिट्टी आदि उठा कर दुकानों की तरफ फेंक रहे थे। इस पर दुकान पर बैठे उत्सव शर्मा (16) ने बच्चों को रोका। बच्चे घर चले गए। कुछ ही देर बाद मजार के पास रहने वाली महिलाएं और पुरुष सुनील की दुकान पर पहुंच गए और बच्चों को खेलने से रोकने का विरोध करने लगे। उत्सव और तुषार (18) भीड़ देख कर दुकान से बाहर निकल आए। आरोप है कि लोगों ने विवाद के दौरान उत्सव को पीटना शुरू कर
दिया। दुकान पर विवाद की जानकारी तुषार ने फोन पर पिता सुनील शर्मा को दी। तुषार ने भाई को बचाने की कोशिश की तो उक्त लोग उसे भी पीटने लगे। सुनील शर्मा (42) आर्य नगर से अपने मित्र अक्षत श्रीवास्तव (40) के साथ दुकान पर पहुंचे। उन्होंने मारपीट का विरोध किया तो पहले से एकत्रित लोगों ने सुनील और अक्षत को भी पीटना शुरू कर दिया। सड़क पर रखे पत्थरों को दुकानों की तरफ फेंका। लोगों के हाथों में लाठी-डंडे थे। आरोप है कि चारों को लाठी-डंडों से पीटा। आरोप है कि इस दौरान सुनील शर्मा के गले में पड़ी सोने की चैन भी लोग तोड़ ले गए।
घटनास्थल पर एसपी सिटी मुकेश चंद्र मिश्र, सीओ सिटी हरिमोहन सिंह के साथ थाना दक्षिण और उत्तर से फोर्स पहुंच गई। पुलिस के पहुंचते ही हमलावर भाग गए। पुलिस घायल हुए चारों लोगों को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल लायी।
थाना दक्षिण पुलिस के खिलाफ गुस्सा, पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगे
जिला अस्पताल में घायलों के मेडिकल के दौरान लोगों में काफी आक्रोश था। सर्वण संगठन के अध्यक्ष कौशल किशोर उपाध्याय, चाणक्य फाउंडेशन के डा. अखिलेश शर्मा, शिव तिवारी,
पिंकी चक, रमाकांत उपाध्याय, पिंकी चक सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे। लोग पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे। आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। थाना दक्षिण प्रभारी श्याम सिंह के खिलाफ काफी आक्रोश था। भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष अंकित तिवारी और डॉ. अखिलेश शर्मा ने एसपी सिटी के सामने कहा कि थाना प्रभारी मौके पर आरोपियों को पकड़ने की बजाए दुकानदार पक्ष के लोगों को ही धमका रहे थे। इन लोगों ने लद्दा नाम के एक व्यक्ति का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि लद्दा अपराधी किस्म का है और पुलिस का मुखबिर है। इसी ने भीड़ के साथ दुकान पर बैठे लोगों को पीटा है। लद्दा को पुलिस का संरक्षण प्राप्त है इसलिए उसे मौके से जाने दिया गया।
सदर बाजार में फ्रेंड्स ग्लास मार्केट में बच्चों के विवाद में मारपीट हुई है। अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। चार लोग घायल हुए हैं। इनका मेडिकल कराया है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुकेश चंद्र मिश्रा - एसपी सिटी