फिरोजाबाद। यमुना नदी में शनिवार को गोताखोरों की तलाश के दौरान नादन के पास से सुजातगढ़ निवासी ग्रामीण का शव उतराया मिला। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। वह शुक्रवार से लापता था।
सुजातगढ़ निवासी मुरारी उर्फ भोला (40) शुक्रवार की दोपहर दो बजे से घर से निकला था। उसके न लौटने पर परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला। परिजनों ने शनिवार को यमुना में नाव और गोताखोरों के माध्यम से उसकी तलाश शुरू कराई। इस दौरान नादन के पास मुरारी का शव यमुना में उतराया मिला। परिजनों ने इसकी सूचना थाना बसई मोहम्मदपुर पुलिस को दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के भतीजे संजय निषाद का आरोप है कि उसके चाचा मुरारी का गांव के कुछ लोगों से विवाद हो गया था। शुक्रवार की दोपहर दो बजे के बाद वह घर से निकले थे। आरोप है कि उनकी हत्या करके शव को यमुना में फेंका गया है। थानाध्यक्ष बसई मोहम्मदपुर सारदेव सिंह ने बताया कि मुरारी की यमुना में डूबने से मौत हुई है। मृतक के परिजन यदि तहरीर देंगे तो मामला दर्जकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।